पंजाब कांग्रेस में घमासान जारी, राहुल गांधी से मिले प्रताप बाजवा; चन्नी कैंप के बाद हाईकमान के सामने रखेंगे पक्ष

चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच प्रताप सिंह बाजवा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों की ओर से पार्टी कार्यक्रमों में उनके समर्थन में नारेबाजी और राजा वड़िंग के नेतृत्व को लेकर सवाल उठ रहे हैं। 

पंजाब कांग्रेस में विवाद उस समय और खुलकर सामने आया, जब पार्टी हाईकमान ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए रखनेका फैसला किया और चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव अभियान समिति का चेयरमैन बनाया। इसके बाद चन्नी समर्थकों ने उन्हें 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करने की मांग उठानी शुरू कर दी। 

हाल के पार्टी कार्यक्रमों में चन्नी के समर्थन में नारेबाजी ने कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पटियाला और बरनाला में हुए कार्यक्रमों के दौरान समर्थकों की नारेबाजी से माहौल गरमाया। राजा वड़िंग ने बाद में चन्नी के समर्थन में खुद भी नारा लगाया और पार्टी कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखने की अपील की। 

वहीं, प्रताप सिंह बाजवा की राहुल गांधी से मुलाकात को पंजाब कांग्रेस के मौजूदा विवाद के बीच अहम माना जा रहा है। पार्टी के भीतर अलग-अलग गुट अपनी स्थिति हाईकमान के सामने रखने की कोशिश कर रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, बाजवा के साथ कई विधायक भी मौजूदा हालात पर अपनी बात रखने की तैयारी में हैं। 

अब कांग्रेस हाईकमान के सामने सबसे बड़ी चुनौती पंजाब में वड़िंग, चन्नी और बाजवा खेमों के बीच संतुलन बनाने की है। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी संगठन को एकजुट रखना कांग्रेस के लिए अहम होगा। पार्टी नेतृत्व की ओर से राज्य में नेतृत्व और संगठन को लेकर आगे क्या फैसला लिया जाता है, इस पर नजर बनी हुई है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *