जींद में बिजली निगम का लाइनमैन ₹5 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB ने पकड़ा

हरियाणा के जींद में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) जींद की टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के उचाना कार्यालय में तैनात लाइनमैन को 5,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उचाना खुर्द निवासी बलजीत सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने ACB को दी शिकायत में बताया था कि उसकी कृषि भूमि पर नया बिजली ट्रांसफार्मर लगाया गया था। ट्रांसफार्मर लगने के बाद लाइनमैन बलजीत सिंह उससे 5 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहा था। आरोपी का कहना था कि यह राशि उसे JE के लिए चाहिए।

एसीबी ने छापेमारी कर मौके पर दबोचा

शिकायत मिलने के बाद जींद की ACB टीम के प्रभारी इंस्पेक्टर मोहिंदर सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी लाइनमैन को 5 हजार रुपए दिए, टीम ने रेड मारकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत के पूरे 5 हजार रुपए बरामद कर लिए गए हैं। कार्रवाई के दौरान राजपत्रित अधिकारी और छाया गवाह भी मौके पर मौजूद रहे।

मामला दर्ज, जांच जारी

एंटी करप्शन ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ थाना SV&ACB करनाल में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 7A के तहत केस दर्ज किया है। ब्यूरो की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *