दिल्ली में पंजाब कांग्रेस की अहम बैठक, चुनावी रणनीति पर मंथन; भूपेश बघेल, राजा वड़िंग और चन्नी रहे मौजूद

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर नई दिल्ली में पंजाब कांग्रेस की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावाविजय इंदर सिंगला सहित चुनाव समितियों के सदस्य शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनावी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और आगामी अभियान की रूपरेखा तय करना था। 

बैठक ऐसे समय हुई है जब पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर चर्चाएं और गुटबाजी की खबरें सामने आती रही हैं। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि फिलहाल फोकस संगठनात्मक मजबूती और विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर है। पार्टी हाईकमान ने नेताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर चुनावी अभियान में जुटने का आह्वान किया। 

बैठक में कांग्रेस द्वारा गठित विभिन्न चुनाव समितियों के कामकाज की समीक्षा भी की गई। प्रचार अभियान, बूथ प्रबंधन, चुनाव प्रबंधन और जनसंपर्क कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। नेताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने को कहा गया। 

बैठक के बाद पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने दावा किया कि संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। 

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *