एडमोंटन (राजीव शर्मा): इस पतझड़ (फॉल) सत्र में कक्षाओं में लौटने वाले अल्बर्टा के छात्रों को करियर-उन्मुख शिक्षा के व्यापक अवसर मिलेंगे। प्रांतीय सरकार ने पूरे प्रांत में नए कॉलेजिएट स्कूलों को जोड़ने और मौजूदा कार्यक्रमों का विस्तार करने का निर्णय लिया है।
चालू शैक्षणिक वर्ष के दौरान चार नए कॉलेजिएट स्कूल और 14 विस्तारित कॉलेजिएट पाथवे शुरू किए जा रहे हैं, जिससे अल्बर्टा में 55 स्थानों पर संचालित होने वाले कॉलेजिएट स्कूलों की कुल संख्या बढ़कर 32 हो गई है।
इन कार्यक्रमों की रूपरेखा इस तरह तैयार की गई है कि हाई स्कूल पूरा करने के दौरान ही छात्रों को विभिन्न करियर और उद्योगों का व्यावहारिक अनुभव मिल सके। छात्र व्यावहारिक प्रशिक्षण, कार्यस्थल आधारित अध्ययन और ऑफ-कैंपस शिक्षा में भाग ले सकते हैं; वहीं कुछ कार्यक्रम छात्रों को उच्च-माध्यमिक (पोस्ट-सेकेंडरी) क्रेडिट अर्जित करने के अवसर भी प्रदान करते हैं।
शिक्षा एवं बाल देखभाल मंत्री डेमेट्रियोस निकोलायडिस ने कहा कि इस विस्तार का उद्देश्य स्कूली शिक्षा को हाई स्कूल के बाद मिलने वाले व्यावहारिक अवसरों से जोड़ना है।
कॉलेजिएट कार्यक्रम स्कूल बोर्डों द्वारा उच्च शिक्षण संस्थानों और उद्योग भागीदारों के सहयोग से संचालित किए जाते हैं। कार्यक्रम के आधार पर छात्र कुशल व्यवसाय (स्किल्ड ट्रेड्स), विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा, कृषि, ऊर्जा, विमानन (एविएशन) और उन्नत विनिर्माण (एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग) सहित कई क्षेत्रों का अनुभव प्राप्त कर सकते हैं।
इस विस्तार में ‘साउथ अल्बर्टा फ्लाइट एकेडमी’ और ‘युइल स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर’ जैसे कार्यक्रम शामिल हैं, जो दक्षिण-पूर्वी अल्बर्टा के छात्रों को माध्यमिक विद्यालय में पढ़ाई के दौरान ही उद्योग-संबंधी अनुभव हासिल करने के अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।
प्रेयरी रोज़ पब्लिक स्कूल्स बोर्ड की अध्यक्ष पैटी रूक्स ने कहा कि स्कूलों, उद्योग, उच्च शिक्षण संस्थानों और सरकार की ऐसी साझेदारियां छात्रों को स्नातक होने से पहले व्यावहारिक कौशल विकसित करने और संभावित करियर की तलाश करने में मदद कर सकती हैं।
कॉलेजिएट प्रोग्रामिंग का विस्तार पीस रिवर क्षेत्र में भी हो रहा है, जहां छात्रों को कुशल व्यवसायों और संबंधित प्रशिक्षण का शुरुआती अनुभव मिल सकेगा। पीस रिवर स्कूल डिवीजन के अध्यक्ष डेविड रश्टन ने कहा कि यह पहल छात्रों को अपनी हाई स्कूल की पढ़ाई को संभावित रोजगार और शिक्षुता (अप्रेंटिसशिप) के मार्गों से जोड़ने का मंच देती है।
अल्बर्टा के छात्रों के लिए कॉलेजिएट स्कूलों के अलावा अन्य कई कार्यक्रमों के जरिए भी करियर-उन्मुख शिक्षा उपलब्ध है। इनमें डुअल-क्रेडिट पाठ्यक्रम, ऑफ-कैंपस शिक्षा, करियर एंड टेक्नोलॉजी फाउंडेशन्स (CTF) और करियर एंड टेक्नोलॉजी स्टडीज (CTS) शामिल हैं।
सामूहिक रूप से ये पहल कक्षा 7 से 12 तक के विद्यार्थियों को अपने करियर से जुड़े रुझानों को तलाशने, व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने और ऐसे हुनर सीखने का अवसर देती हैं जो हाई स्कूल के बाद उच्च शिक्षा, अप्रेंटिसशिप या सीधे रोजगार जैसे विभिन्न रास्तों में सहायक साबित हो सकें।
इस ताजा विस्तार के साथ अल्बर्टा का कॉलेजिएਟ नेटवर्क निरंतर बढ़ रहा है, जिससे अधिक छात्रों को पारंपरिक हाई स्कूल अध्ययन के साथ-साथ व्यावहारिक करियर की तैयारी को जोड़ने के भरपूर अवसर मिल रहे हैं।
