हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र कल: सुबह 11 बजे शुरू होगी कार्यवाही, संविधान पर होगा विशेष कार्यक्रम; 12:30 बजे फिर बैठेगा सदन

हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। यह सत्र भारतीय संविधान, उसके निर्माताओं और संविधान में निहित मूल्यों को समर्पित रहेगा। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने विधानसभा का सत्र बुलाया है। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी।

सत्र की शुरुआत में शोक प्रस्ताव रखे जाएंगे। इसके बाद सुबह 11:15 बजे सदन की कार्यवाही एक घंटे 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी जाएगी। इस दौरान विधानसभा भवन के बाहर सेरेमोनियल गेट के पास संविधान को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा, संविधान निर्माताओं के योगदान और संविधान में शामिल मूल्यों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई जाएगी।

कार्यक्रम से पहले विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सभी विधायक विधानसभा परिसर में स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके अलावा विधानसभा भवन की लाइब्रेरी के सामने स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा और संविधान की प्रति पर भी पुष्प अर्पित किए जाएंगे।

दोपहर 12:30 बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होगी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सभी सदस्यों को संविधान की हिंदी और अंग्रेजी प्रतियां भेंट करेंगे। विशेष सत्र के दौरान संविधान के निर्माण, इसके मूल सिद्धांतों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में संविधान निर्माताओं के योगदान पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण के अनुसार, विशेष सत्र का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों की संविधान के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराना और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति विश्वास एवं सम्मान को मजबूत करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संविधान दिवस पर आयोजित यह सत्र सभी सदस्यों को संवैधानिक आदर्शों के अनुरूप अपने दायित्व निभाने के लिए प्रेरित करेगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कैबिनेट बैठक के बाद 3 नवंबर को इस विशेष सत्र की घोषणा की थी। उन्होंने बताया था कि संविधान दिवस और संविधान पखवाड़े के तहत सदन में संविधान के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *