पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना चुनावी घोषणा पत्र तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी की घोषणा पत्र समिति के चेयरमैन और पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना ने बुधवार को पठानकोट में कहा कि भाजपा का चुनावी घोषणा पत्र पंजाब के लोगों की आवाज बनेगा। इसे केवल चुनाव के समय जारी होने वाला दस्तावेज नहीं, बल्कि राज्य के भविष्य के लिए विजन डॉक्यूमेंट बनाया जाएगा।
खन्ना ने बताया कि पार्टी को अब तक ऑनलाइन माध्यम से करीब 850 सुझाव मिल चुके हैं। इन सुझावों को व्यवस्थित तरीके से संकलित किया जा रहा है। इसके बाद स्क्रीनिंग कमेटी इनकी जांच करेगी और महत्वपूर्ण सुझावों को घोषणा पत्र तैयार करने वाली ड्राफ्टिंग कमेटी के पास भेजा जाएगा। पार्टी का उद्देश्य समाज के अलग-अलग वर्गों की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझकर उन्हें अपने विजन डॉक्यूमेंट में शामिल करना है।
उन्होंने बताया कि लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए कई माध्यम अपनाए जा रहे हैं। जल्द ही टोल-फ्री फोन नंबर के जरिए भी लोग अपने सुझाव दे सकेंगे। इसके अलावा भाजपा की विशेष प्रचार वैन पंजाब के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगी। इन वैन के माध्यम से लोगों से लिखित सुझाव लिए जाएंगे, ताकि गांवों और शहरों के लोगों को अपनी बात पार्टी तक पहुंचाने का अवसर मिल सके।
पठानकोट में आयोजित चर्चा के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेश शर्मा, पूर्व डिप्टी स्पीकर दिनेश बाबू, पूर्व विधायक सीमा देवी, जिला महामंत्री विनोद धीमान, प्रदेश सचिव राकेश शर्मा और प्रदेश सचिव मीना तरनाच सहित कई पार्टी नेता मौजूद रहे।
इस बीच, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन की घोषणा के बाद अविनाश राय खन्ना ने इसे पंजाब की सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों से जुड़ा फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच संबंध केवल राजनीतिक मजबूरी नहीं, बल्कि पुराने ऐतिहासिक और सामाजिक रिश्तों की निरंतरता हैं। खन्ना के अनुसार, लोगों की इच्छा है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को सत्ता से बाहर किया जाए।
गौरतलब है कि भाजपा और अकाली दल ने 24 नवंबर को आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का ऐलान किया था। दोनों दलों ने 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर अपना पुराना गठबंधन तोड़ दिया था। अब छह साल बाद दोनों फिर साथ आए हैं। गठबंधन के बाद दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे और साझा चुनावी एजेंडे को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
