हरियाणा के नूंह में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर पुलिस से बचकर भाग रहे कथित पशु तस्करों की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, सीआईए टीम उनका पीछा कर रही थी। इसी दौरान आरोपी गलत दिशा में कार लेकर भागने लगे और गांव गौयला के पास उनकी अर्टिगा कार सामने से आ रही बोलेरो कैंपर से टकरा गई। वहीं, घायल युवकों में से एक ने पुलिस की कहानी पर सवाल उठाते हुए गौ रक्षा दल की टीम पर जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप लगाया है।
घटना बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे थाना मोहम्मदपुर अहीर क्षेत्र में हुई। पुलिस के मुताबिक, सीआईए नूंह को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गाड़ी में गोवंश लेकर जा रहे हैं। इसके बाद टीम ने उनका पीछा शुरू किया। पुलिस को देखकर कार सवार मानेसर की तरफ गलत दिशा में भागने लगे। इसी दौरान गौयला गांव के पास उनकी अर्टिगा गाड़ी बोलेरो कैंपर से टकरा गई।
हादसे में पल्ला निवासी मुस्तफा की मौत हो गई। उसके साथ कार में सवार अखलाक, आसिफ और इकबाल घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक गाय जीवित और एक गाय मृत अवस्था में मिली है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
हालांकि, घायल आसिफ ने पुलिस के दावे से अलग बयान दिया है। उसका आरोप है कि उनकी कार को गौ रक्षा दल से जुड़े लोगों ने घेरकर टक्कर मारी थी। आसिफ ने यह भी दावा किया कि उनकी गाड़ी से कोई गोवंश बरामद नहीं हुआ। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
घटना के बाद पुलिस दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है। तावड़ू के डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और अन्य घायल हुए हैं। घायलों की ओर से लगाए गए आरोपों को भी जांच में शामिल किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों, कथित पशु तस्करी और गौ रक्षा दल पर लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा पुलिस से बचकर भागने के दौरान हुआ या इसमें किसी अन्य पक्ष की भूमिका थी।
