हरियाणा में बिजली निगम के अधिकारियों के तबादलों को लेकर नई ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी लागू करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत अब उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) में तैनात सब-डिविजनल ऑफिसर (SDO) और एक्सईएन (XEN) अपने गृह जिले में नौकरी नहीं कर सकेंगे। नई व्यवस्था से दोनों बिजली निगमों के करीब 500 अधिकारी प्रभावित होंगे। अधिकारियों के तबादले 120 अंकों की मेरिट प्रणाली के आधार पर ऑनलाइन किए जाएंगे।
अब तक SDO के लिए अपने गृह सब-डिविजन और XEN के लिए अपने गृह डिविजन में तैनाती पर रोक थी। नई पॉलिसी में इस दायरे को बढ़ाकर पूरे गृह जिले तक कर दिया गया है। यानी अधिकारियों को अपने गृह जिले से बाहर तैनाती दी जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य तबादलों में पारदर्शिता लाना और प्रशासनिक जरूरतों के अनुसार अधिकारियों की तैनाती करना बताया जा रहा है।
नई पॉलिसी के तहत दोनों बिजली निगमों में करीब 500 SDO और XEN शामिल होंगे। इनमें प्रत्येक निगम के लगभग 250 अधिकारी ऑपरेशनल और मुख्यालय स्तर पर कार्यरत हैं। पूरी प्रक्रिया HRMS से जुड़े ऑनलाइन ट्रांसफर सॉफ्टवेयर के माध्यम से संचालित की जाएगी। इसके लिए मंगलवार को आईटी विंग के एक्सईएन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जल्द ही ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव शुरू होने की संभावना है।
तबादलों के लिए 120 अंकों की व्यवस्था रखी गई है। इसमें अधिकारियों की उम्र, कैडर में अनुभव और विशेष परिस्थितियों को आधार बनाया जाएगा। इसी मेरिट के अनुसार अधिकारियों की रैंकिंग और पसंद के स्टेशन पर तैनाती तय होगी। नई व्यवस्था में अधिकारियों को ऑनलाइन विकल्प देने होंगे और उपलब्ध पदों के आधार पर पोस्टिंग की जाएगी।
हालांकि, हरियाणा पावर इंजीनियर्स एसोसिएशन ने गृह जिले से बाहर तैनाती के प्रावधान पर आपत्ति जताई है। एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव रविंद्र घणघस ने कहा कि बिजली आपातकालीन सेवाओं में शामिल है। ऐसे में अधिकारियों का अपने कार्यक्षेत्र के मुख्यालय के नजदीक रहना जरूरी है। गृह जिले से बाहर तैनाती होने पर अधिकारियों को पारिवारिक और सामाजिक जिम्मेदारियां निभाने में भी परेशानी हो सकती है। एसोसिएशन का कहना है कि उसने ऊर्जा मंत्री और अतिरिक्त मुख्य सचिव के सामने भी यह मुद्दा उठाया था।
वहीं, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने कहा कि यदि एसोसिएशन को पॉलिसी को लेकर कोई आपत्ति या सुझाव है तो उसके प्रतिनिधि दोबारा चेयरमैन से मिल सकते हैं। हालांकि, निगम प्रबंधन राज्य सरकार की ओर से बनाई गई नीति से बाहर जाकर फैसला नहीं कर सकता।
अब बिजली निगमों में ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव शुरू होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि किस अधिकारी को किस जिले में तैनाती मिलती है।
