ईसीएल ने ‘विशेष अभियान 6’ के तहत कबाड़ के निपटान से 2.21 करोड़ रुपये अर्जित किए

नई दिल्ली(राजीव शर्मा):कोयला मंत्रालय के अंतर्गत कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी, ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने ‘विशेष अभियान 6’ के तहत कबाड़ का निपटान करके 2.21 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। साथ ही, इस अभियान के जरिए 62,720 वर्ग फुट जगह को भी खाली कराया गया है। इस अभियान का उद्देश्य कार्यस्थल पर साफ-सफाई में सुधार करना, संसाधनों का बेहतर उपयोग करना और प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाना है।

2 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, कोल इंडिया की सहायक कंपनी ने कबाड़ की 850 मीट्रिक टन की चिन्हित मात्रा में से 413.5 मीट्रिक टन का निपटान किया। 14 अक्टूबर को लोहे के कबाड़ के निपटान से 2,21,31,359 रुपये की राशि अर्जित की गई, जिससे संसाधनों की पुनर्प्राप्ति और बेकार हो चुकी सामग्रियों का सार्थक उपयोग संभव हुआ।

कंपनी ने 10 चिन्हित स्थानों पर सफाई अभियान चलाया है। इसके तहत 2,08,052 वर्ग फुट के लक्ष्य की तुलना में 62,720 वर्ग फुट जगह खाली करायी गई है, जो कि लक्षित क्षेत्र का लगभग 30 प्रतिशत है।

प्रशासनिक स्तर पर, ईसीएल ने 1,200 वास्तविक फाइलों के लक्ष्य की तुलना में 647 वास्तविक फाइलों की समीक्षा की और 1,000 बेकार फाइलों के लक्ष्य की तुलना में 567 बेकार फाइलों को हटा दिया। इस कवायद का उद्देश्य अनावश्यक रिकॉर्ड को कम करना, कार्यालय की जगह का बेहतर उपयोग करना और रिकॉर्ड प्रबंधन को सुदृढ़ करना है।

डिजिटल फाइलों के प्रबंधन में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। 3,800 ई-फाइलों के लक्ष्य की तुलना में 3,098 ई-फाइलों की समीक्षा की गई, जो 81 प्रतिशत से अधिक की उपलब्धि है। बंद करने के लिए चिन्हित की गई 3,600 ई-फाइलों में से 2,148 को बंद कर दिया गया है, जिससे लक्ष्य का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो गया है।

यह अभियान ईसीएल के उन व्यापक प्रयासों का हिस्सा है, जिनका उद्देश्य अपने सभी प्रतिष्ठानों में स्वच्छता को संस्थागत बनाना, प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करना और संसाधनों के कुशल उपयोग को बढ़ावा देना है।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *