पानीपत शहर में नगर निगम ठेकेदार की लापरवाही के कारण एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। बरसत रोड स्थित सचदेवा गार्डन के सामने नगर निगम की ओर से खोदे गए बिना बैरिकेडिंग वाले गड्ढे में एक बाइक पर सवार दो युवक गिर गए।
यह हादसा कल (3 सितंबर) शाम करीब पौने 7 बजे की है, जिसका CCTV फुटेज शुक्रवार 4 सितंबर की शाम को सामने आया। मामला संज्ञान में आते ही नगर निगम कमिश्नर पंकज यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीओ और एक्सईएन को चार्शजीट कर दिया है।
घटना के बाद मदद के लिए आगे आए लोग।
निगम कमिश्नर ने इस तरह लिया एक्शन…
- SDO और XEN चार्जशीट: निर्माण कार्य की निगरानी में लापरवाही बरतने पर संबंधित उपमंडल अधिकारी (SDO) और अधिशासी अभियंता (XEN) को विभागीय कार्रवाई करते हुए चार्जशीट कर दिया गया है।
- JE पर गाज संभव: स्थल की देखरेख में लापरवाही को लेकर संबंधित जूनियर इंजीनियर (JE) पर भी गाज गिरना संभावित माना जा रहा है और जल्द ही उन पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है।
- तिरूपति कंपनी पर 10 लाख की पैनल्टी: निर्माण कार्य का ठेका संभालने वाली ‘तिरूपति कंपनी’ पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए भविष्य के लिए ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी गई है।

बरसत रोड स्थित सचदेवा गार्डन के सामने नगर निगम की ओर से खोदा गया गड्ढा।
नोटिस में कड़े शब्द, 7 दिन में मांगा जवाब
नगर निगम द्वारा ठेकेदार कंपनी को भेजे गए नोटिस में स्पष्ट लिखा गया है कि कंपनी के कामकाज में लगातार बड़ी-बड़ी खामियां और अनियमितताएं सामने आ रही हैं। बार-बार हिदायत और निर्देश देने के बावजूद कंपनी सुरक्षा नियमों का पालन करने को तैयार नहीं है।
निगम ने सख्त लहजे में पूछा है कि क्यों न नियमों की अनदेखी करने के लिए कंपनी को भविष्य के सभी टेंडरों के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया जाए? कंपनी को इस शोकॉज नोटिस का जवाब 7 दिनों के भीतर देने का समय दिया गया है।
