अल्बर्टा ने दर्जनों पोलिंग स्टेशनों पर बढ़ाया मतदान का समय; जनमत संग्रह के अनौपचारिक नतीजों में होगी देरी

एडमोंटन (राजीव शर्मा): अल्बर्टा भर में सोमवार को कई मतदान केंद्रों के देरी से खुलने के बाद ‘इलेक्शंस अल्बर्टा’ ने दर्जनों पोलिंग स्टेशनों पर मतदान का समय बढ़ा दिया है। इस फैसले के चलते जनमत संग्रह (रेफरेंडम) के अनौपचारिक परिणाम जारी होने में भी देरी होगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी गॉर्डन मैक्लूर ने अल्बर्टा के चुनाव अधिनियम की धारा 4(3)(ए) के तहत समय विस्तार को मंजूरी दी, ताकि प्रभावित केंद्रों के मतदाताओं को मतदान की पूरी निर्धारित अवधि मिल सके। इलेक्शंस अल्बर्टा ने बताया कि यह देरी कई प्रशासनिक व तकनीकी कारणों से हुई थी, जिनका अब समाधान कर लिया गया है।

प्रभावित मतदान केंद्र कैलगरी, एडमोंटन और कई अन्य चुनावी क्षेत्रों में फैले हुए हैं, जिनमें एयरड्री-कोक्रेन, लेथब्रिज, रेड डियर, शेरवुड पार्क और स्प्रूस ग्रोਵ-स्टोनी प्लेन शामिल हैं।

हालांकि अधिकांश मतदान केंद्र रात 8 बजे बंद होने तय थे, लेकिन कई केंद्र देर रात तक खुले रहेंगे। एडमोंटन के एडमोंटन-ग्लेनरा डिवीजन स्थित वेस्टमिंस्टर स्कूल में मतदान का समय रात 10 बजे तक बढ़ाया गया है। इसके अलावा एडमोंटन-साउथ वेस्ट में कांस्टेबल डेनियल वुडऑल स्कूल रात 9:20 बजे तक और कैलगरी-नॉर्थ में होली ट्रिनिटी एंग्लिकन चर्च रात 8:44 बजे तक खुला रहेगा।

ग्रामीण क्षेत्रों के कुछ पोलिंग स्टेशन भी सामान्य समय के बाद तक संचालित होंगे, जहां कई केंद्रों को रात 9 बजे तक खुला रखने का फैसला किया गया है।

मतदान का समय बढ़ने का सीधा अर्थ यह है कि अनौपचारिक नतीजे तब तक जारी नहीं किए जाएंगे, जब तक इलेक्शंस अल्बर्टा प्रांत भर के प्रत्येक मतदान केंद्र के पूरी तरह बंद होने की पुष्टि नहीं कर लेता और परिणाम वेबसाइट लाइव नहीं हो जाती।

इलेक्शंस अल्बर्टा ने मतदाताओं से धैर्य बनाए रखने और चुनाव कर्मियों के साथ शालीनता से पेश आने की अपील की है। एजेंसी ने याद दिलाया कि मतदान केंद्रों पर तैनात कर्मचारी उन्हीं के स्थानीय समुदाय के सदस्य हैं।

यह एजेंसी प्रांतीय विधानसभा के एक स्वतंत्र और निष्पक्ष कार्यालय के रूप में अल्बर्टा में प्रांतीय चुनावों, उपचुनावों और जनमत संग्रहों के संचालन के लिए जिम्मेदार है।

समय विस्तार से प्रभावित मतदाता अपने निर्धारित पोलिंग स्टेशन के बंद होने के सही समय की जानकारी इलेक्शंस अल्बर्टा के आधिकारिक मंचों से प्राप्त कर सकते हैं।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *