अमृतसर के कोट खालसा में युवक की मौत का CCTV आया सामने, ओवरडोज के बाद शव फेंकने का आरोप; एक गिरफ्तार

पंजाब के अमृतसर के कोट खालसा इलाके में एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक की कथित तौर पर नशे की ओवरडोज से मौत हो गई थी। इसके बाद उसके साथ मौजूद दोस्तों ने अस्पताल ले जाने या पुलिस को सूचना देने के बजाय शव को सुनसान जगह पर फेंक दिया। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। 

जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से एक आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सौरव के रूप में हुई है। आरोप है कि सौरव ने अपने साथियों के साथ नशीले पदार्थ का सेवन किया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घबराकर आरोपी उसके शव को स्कूटर पर ले गए और एक सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए। 

मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में गैर-इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। 

पुलिस ने कहा कि घटना से जुड़े सभी तकनीकी और फोरेंसिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *