सुल्तानपुर(राजीव शर्मा): टेनिस प्रतियोगिता में शामिल होकर लखनऊ से देवरिया लौट रहे छह खिलाड़ियों की कार बुधवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक के पीछे जा टकराई। हादसे में तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 5:30 बजे धनपतगंज थाना क्षेत्र के सुखबड़ेरी के पास हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही मारुति सुजुकी अर्टिगा ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार के दरवाजे तोड़कर सभी लोगों को बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि सभी छह लोगों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान देवरिया निवासी 22 वर्षीय नित्या प्रजापति और 20 वर्षीय इरफान अंसारी तथा भागलपुर निवासी 24 वर्षीय अनिकेत के रूप में हुई है।
घायलों की पहचान आनंद यादव (23), राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम निवासी जयंतो शर्मा (30) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों को आगे के इलाज के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
शर्मा ने पुलिस को बताया कि कार में सवार अधिकांश लोग सो रहे थे और टक्कर के बाद झटके से उनकी नींद खुली।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
