नई दिल्ली(राजीव शर्मा): आर्थिक सलाहकार कार्यालय (ओईए), उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी), 20 जुलाई 2026 को शाम 5:00 बजे आधार वर्ष 2022-23 के साथ प्रमुख उद्योग सूचकांक (आईसीआई) की संशोधित श्रृंखला जारी करेगा। यह संशोधित श्रृंखला आधार वर्ष 2011-12 वाली मौजूदा आईसीआई श्रृंखला का स्थान लेगी।
आईसीआई का संकलन मासिक आधार पर किया जाता है। इस विज्ञप्ति में जून 2026 के लिए अनंतिम आईसीआई के साथ-साथ अप्रैल 2023 से मई 2026 (38 महीने) तक की पिछली अवधि का डेटा भी शामिल होगा।
स्थापित पद्धति के अनुसार, औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईसीआई) (2022-23) श्रृंखला के भार सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) द्वारा जारी औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) 2022-23 श्रृंखला के भारों से प्राप्त किए गए हैं। आईआईपी से लिए गए आईसीआई मदों आइटमों के भारों को आनुपातिक आधार पर पुनर्वितरित करके कुल 100 किया गया है, ताकि आईसीआई श्रृखंला मद के भारों को अंतिम रूप दिया जा सके।
औद्योगिक उत्पादन में लौह अयस्क के व्यापक उपयोग और औद्योगिक विकास में इसके महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए, संशोधित आईसीआई श्रृंखला में लौह अयस्क को एक प्रमुख उद्योग के रूप में शामिल किया गया है। परिणामस्वरूप, प्रमुख उद्योगों की संख्या अब आठ से बढ़कर नौ हो गई है।
आईआईपी के साथ एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए, संशोधित आईसीआई श्रृंखला इस्पात सूचकांक को संकलित करने के लिए सकल उत्पादन डेटा का उपयोग करती है जो आईसीआई (2011-12) श्रृंखला में उपयोग किए जाने वाले शुद्ध उत्पादन डेटा का स्थान लेती है।
कोयला क्षेत्र में संशोधित आईसीआई श्रृंखला में केवल कच्चे कोयले को ही शामिल किया गया है। परिशोधन के बाद बचा हुआ मध्यम श्रेणी का कोयला और धुला हुआ कोयला, दोनों ही कच्चे कोयले से प्राप्त होते हैं, इसलिए दोहरी गणना को समाप्त करने के लिए इन्हें शामिल नहीं किया गया है।
