हिमाचल(राजीव शर्मा):हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदल रहा है और मंगलवार से राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने की सम्भावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले कुछ घंटों में कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जैसे क्षेत्रों में रिमझिम बारिश की चेतावनी दी है। उच्च पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं थोड़ी तेज़ बौछारें भी आ सकती हैं, जबकि अधिकतर निचले इलाकों में फिलहाल मौसम सूखा रहने की उम्मीद है।
विभाग ने बताया कि यह बारिश का चक्र 24 मई तक अनियमित रूप से जारी रह सकता है। खासतौर पर 21 और 22 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, क्योंकि इन दिनों कुछ स्थानों पर तेज और अनेक स्थानों पर ज़्यादा सक्रिय वर्षा होने की आशंका बनी हुई है।
पिछले 24 घंटों में अधिकांश भागों में मौसम मुख्या तोर शुष्क रहा, फिर भी कई जगह रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस और धर्मशाला में 18.2 डिग्री रहा। पर्यटन स्थलों मनाली और कुफरी में न्यूनतम तापमान क्रमशः 13.8 और 14.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
अन्य प्रमुख स्थानों में मंडी का न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री, सोलन 17.4 डिग्री, बिलासपुर 22.5 डिग्री व ऊना 21.4 डिग्री दर्ज हुआ। पांउटा साहिब 25 डिग्री के साथ राज्य के गर्म इलाकों में रहा, जबकि लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी गाँव में सबसे कम तापमान 6.1 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने नागरिकों से पर्वतीय तथा नदी-किनारे वाले इलाकों में सतर्क रहने, जल जमाव और भूस्खलन जैसी स्थितियों पर निगरानी रखकर स्थानीय प्रशासन की सूचनाओं का पालन करने का अनुरोध किया है। साथ ही यात्रियों से भी अनावश्यक यात्रा टालने और मार्गों की स्थिति पहले जाँचने की सलाह दी गई है।
