पंजाब के पठानकोट में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास शामलात जमीन के कथित अवैध हस्तांतरण और खनन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED के जालंधर जोनल कार्यालय ने 11 नवंबर को पठानकोट के पूर्व अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) कुलदीप सिंह और स्टोन क्रशर व खनन कारोबार से जुड़े निपुण महाजन को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत कार्रवाई की गई है। जालंधर की विशेष PMLA अदालत ने दोनों आरोपियों को 16 नवंबर तक ED की हिरासत में भेज दिया है।
ED के अनुसार, यह जांच पठानकोट जिले के गांव भट्ठियां में ग्राम पंचायत गोल की करीब 92 एकड़ शामलात जमीन को कथित रूप से धोखाधड़ी के जरिए निजी लोगों के नाम हस्तांतरित करने से जुड़ी है। जमीन का कुल रकबा 734 कनाल और एक मरला बताया गया है। यह इलाका रावी नदी के किनारे और अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक स्थित है।
रिटायरमेंट से एक दिन पहले जारी किया था आदेश
जांच की शुरुआत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की ओर से 9 अगस्त 2023 को दर्ज FIR के आधार पर हुई थी। आरोप है कि तत्कालीन ADC (रूरल डेवलपमेंट) कुलदीप सिंह ने 27 फरवरी 2023 को जमीन से जुड़े एक पुराने विवाद में निजी दावेदारों के पक्ष में आदेश जारी किया था। यह आदेश उनके सरकारी सेवा से रिटायर होने से ठीक एक दिन पहले आया था। कुलदीप सिंह को 24 फरवरी 2023 को ADC (रूरल डेवलपमेंट) का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया था और वह 28 फरवरी को रिटायर हो गए थे।
ED के मुताबिक, निपुण महाजन ने जांच के दौरान कथित तौर पर बताया कि विवादित जमीन का कब्जा हासिल करने के लिए उसने FIR में नामजद लोगों के साथ पावर ऑफ अटॉर्नी और खरीद समझौते किए थे। इसके लिए बैंकिंग माध्यमों और नकद भुगतान किए गए थे।
IIT रोपड़ के सर्वे में 367.5 करोड़ की खुदाई का अनुमान
ED ने जांच के दौरान IIT रोपड़ की टीम से ड्रोन और बाथिमेट्रिक सर्वे कराया। एजेंसी के मुताबिक, भट्ठियां और गोल गांव के आसपास चुने गए सात स्थानों पर 27 अवैध खुदाई के गड्ढों की पहचान की गई। सर्वे में करीब 16.70 करोड़ घन फुट सामग्री की खुदाई का अनुमान लगाया गया, जिसकी कीमत लगभग 367.5 करोड़ रुपये बताई गई है।
विवादित 92 एकड़ शामलात जमीन पर ही करीब 30.74 लाख घन फुट अवैध खुदाई का अनुमान है, जिसकी कीमत लगभग 11.16 करोड़ रुपये आंकी गई। ED का कहना है कि इन क्षेत्रों में बिना वैध खनन पट्टे के रेत और अन्य खनिज निकाले गए।
पहले भी जब्त हुई थी 1.75 करोड़ की नकदी
इस मामले में ED ने 16 जुलाई 2026 को 16 ठिकानों पर तलाशी ली थी। इस दौरान निपुण महाजन से जुड़े परिसर से 1.75 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई थी। इसके अलावा 31 बैंक खातों में मौजूद कुल 91.34 लाख रुपये की राशि फ्रीज की गई थी। जांच में क्रशर कारोबार से जुड़ी बिक्री और खातों में दर्ज नहीं की गई रसीदों से संबंधित दस्तावेज भी मिले थे।
ED अब जमीन के हस्तांतरण, खनिजों की खुदाई, क्रशर से होने वाली बिक्री और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है। एजेंसी का कहना है कि मामले में कथित अपराध से अर्जित संपत्ति और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
