चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर गुरुवार को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाम 6 से 7 बजे के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने अपने घरों में दीये जलाए। सेक्टर-17 में आयोजित समारोह में करीब 50 हजार मिट्टी के दीयों से पूरा प्लाजा जगमगा उठा।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की गई। देशभर में भी लोगों से इसी समय ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की गई थी।
यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है। अभियान के तहत देशभर में सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक कार्यों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी भी प्रोग्राम में शामिल हुए।
चंडीगढ़ में घरों में जलाए दीये
चंडीगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों ने भी अपने घरों में दीये जलाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। लोगों ने ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर अभियान में भागीदारी की।

जन्मदिन मौके चंडीगढ़ में आयोजित समारोह में पहुंचे लोग।
17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
PM के जन्मदिन के अवसर पर देश के अलग-अलग हिस्सों में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा।
इस दौरान विभिन्न सामाजिक और जनसेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार, आईएएस, ज्वाइंट कमिश्नर डॉ. हिमांशु गुप्ता, बलबीर राज सिंह, डॉ. इंदरजीत, मेडिकल ऑफिसर ऑफ हेल्थ डॉ. इंदरदीप कौर समेत नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय कुम्हार परिवार, स्वयं सहायता समूहों (SHG) के सदस्य और शहरवासी शामिल हुए।
100 कुम्हार परिवारों को मिला काम
कार्यक्रम में करीब 100 कुम्हार परिवारों को जोड़ा गया। बड़ी संख्या में मिट्टी के दीयों के इस्तेमाल से पारंपरिक कारीगरी को बढ़ावा मिला। वहीं, विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने सेक्टर-17 प्लाजा में आकर्षक और कलात्मक रंगोलियां बनाईं। इससे कार्यक्रम में पारंपरिक कला और रचनात्मकता की झलक देखने को मिली।
