लोक सभा अध्यक्ष ने स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर को पुष्पांजलि अर्पित की

नई दिल्ली (राजीव शर्मा): लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने आज स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती के अवसर पर संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जे. पी. नड्डा; संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री श्री किरेन रिजिजू; विधि एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल; भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन; संसद सदस्यों तथा पूर्व सांसदों ने भी वीर सावरकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर, जिन्हें वीर सावरकर के नाम से जाना जाता है, का जन्म 28 मई 1883 को हुआ था। भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के एक महान व्यक्तित्व के रूप में वे क्रांतिकारी, कवि, लेखक तथा दूरदर्शी समाज सुधारक के रूप में जाने जाते हैं। वीर सावरकर ने 20वीं शताब्दी के प्रारंभिक दौर में ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के विरुद्ध प्रतिरोध की भावना को जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने स्वतंत्रता के उद्देश्य से युवाओं को संगठित एवं प्रेरित करने के लिए क्रांतिकारी संगठनों की स्थापना की। उनका अदम्य साहस अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह की कुख्यात सेल्युलर जेल में कारावास के दौरान विशेष रूप से दिखाई दिया, जहां उन्होंने अत्यंत कठिन परिस्थितियों का दृढ़ संकल्प के साथ सामना किया। अपने क्रांतिकारी विचारों के अतिरिक्त वे सामाजिक सुधार एवं आधुनिकीकरण के भी प्रबल समर्थक थे। उन्होंने तर्कवाद, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा प्रगतिशील भारतीय समाज के निर्माण के आदर्शों का समर्थन किया। उनकी विरासत उनके लेखन, राष्ट्रीय स्वतंत्रता के लिए उनके अथक प्रयासों तथा एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की उनकी परिकल्पना के माध्यम से आज भी जीवित है। उनका जीवन देशभक्ति, धैर्य एवं सुधार का प्रेरणादायक उदाहरण बना हुआ है।

संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में स्थापित स्वातंत्र्यवीर वी. डी. सावरकर का चित्र श्रीमती चंद्रकला कुमार कदम द्वारा बनाया गया था तथा इसका आधिकारिक अनावरण 26 फरवरी 2003 को तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम द्वारा किया गया था।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *