बिट्टू के मंत्री के अमेरिका भागने के दावे पर मुंडियां का पलटवार, चंडीगढ़ में की प्रेस कॉन्फ्रेंस

पंजाब के मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि ED की कार्रवाई के बाद मुंडियां विदेश भाग गए हैं। मंत्री ने कहा कि वह चंडीगढ़ के सेक्टर-39 स्थित पार्टी ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं, अमेरिका में नहीं।

मुंडियां ने कहा कि

बिट्टू ने टिकट कटने के बाद अब उन्होंने चंडीगढ़ रोड पर मेरे घर के पास ट्रैवल एजेंसी खोल ली है। वहां उन्होंने मेरी और मेरे भतीजे की टिकट बुक कर हमें अमेरिका भेज दिया। बिट्टू ने मेरे भतीजे को भांजा बताया, जबकि प्रिंस हमरा भतीजा है।

गौरतलब है कि ED ने मंत्री के भतीजे गुरप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस के साहनेवाल स्थित घर पर तलाशी ली थी। यह कार्रवाई GMADA से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच का हिस्सा है।

परिवार के लोगों को घंटों परेशान किया

ED की कार्रवाई पर मुंडियां ने कहा कि प्रिंस के घर पर परिवार के सदस्यों को परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि प्रिंस की मां, पत्नी, सालेहार और तीन साल की बेटी घर में मौजूद थे। उनके मुताबिक, करीब 11 बजे से रात 3 बजे तक तलाशी चली।

मुंडियां का आरोप है कि परिवार के लोगों से पूछा गया कि वे मंत्री के साथ कब से हैं और उन्हें कितने पैसे मिलते हैं। उन्होंने कहा कि प्रिंस की सैलरी तक पूछी गई और यह भी पूछा गया कि इतनी सैलरी में परिवार का गुजारा कैसे होता है।

प्रिंस की पत्नी को साढ़े 4 घंटे तक खड़ा रखा

मुंडियां ने कहा कि अधिकारियों ने प्रिंस की मां से कहा कि वह अपने बेटे को समझाएं कि वह मंत्री का साथ छोड़ दे या मंत्री पार्टी छोड़ दें। उन्होंने दावा किया कि प्रिंस की पत्नी गर्भवती हैं और उन्हें करीब साढ़े चार घंटे तक खड़ा रखा गया।

मुंडियां ने यह भी आरोप लगाया कि एक बच्चे की मां को बच्चे को फीड तक नहीं करने दिया गया और परिवार की विधवा सदस्य को भी परेशान किया गया।

मुंडियां को लेकर बिट्टू ने ये बातें कही…

  • पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां बताएं कि वह चार दिन कहां थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुंडियां को ‘गड्ढे’ से बाहर निकाला है। बिट्टू ने कहा कि जब उनका कमेंट अरविंद केजरीवाल की छाती पर लगा तो उन्होंने कहा कि हम तो मर गए। इसके बाद मुंडियां को बाहर लाया गया।
  • बिट्टू ने कहा कि मुंडियां जहां गए थे, वहां एयरपोर्ट पर उनका नाम दर्ज होगा और उन्होंने टिकट भी ली होगी। इससे पता चल जाएगा कि वह कहां और कब गए थे। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी पता चला है कि 4-5 दिन पहले टाटा 407 में सामान ले जाकर घर से सब कुछ खुर्द-बुर्द किया गया।
  • बिट्टू ने कहा कि अगर मुंडियां में हिम्मत है, तो वह अपनी मिनिस्ट्री में जाकर अपनी कुर्सी पर बैठें। उन्होंने आरोप लगाया कि अब उस दफ्तर के मुलाजिमों को फंसाया जा रहा है। बिट्टू ने कहा कि अगर मुंडियां को उन मुलाजिमों से थोड़ी भी हमदर्दी है, जिन्होंने उनके कहने पर काम किया, तो उन्हें बचाने के लिए आगे आएं और कहें कि दस्तावेजों पर साइन उन्होंने खुद किए हैं।
By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *