लुधियाना में पुलिसकर्मी बनकर युवक का अपहरण, 5 आरोपी गिरफ्तार; ₹50 हजार मांगी फिरौती

लुधियाना में खुद को पुलिसकर्मी बताकर 27 वर्षीय युवक को अगवा करने और उसके परिवार से फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक के पास ‘चिट्टा’ मिलने का दावा करते हुए परिवार को डराया और उसकी रिहाई के बदले 50 हजार रुपए मांगे। बातचीत के बाद सौदा 30 हजार रुपए में तय हुआ।

सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामला ताजपुर रोड के पास बिहारी कॉलोनी का है। शिकायतकर्ता ललिता ने थाना डिवीजन नंबर-7 में शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने रणवीर निवासी मुंडियां कलां, परमजीत सिंह, करम अली निवासी परमजीत नगर, मुंडियां खुर्द, कुलविंदर निवासी ऋषि नगर और रामिंदरजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है।

दो वाहनों में पहुंचे आरोपी, खुद को बताया पुलिस अधिकारी

ललिता के अनुसार, 23 सितंबर को आरोपी महिंद्रा बोलेरो और स्विफ्ट कार में उनके घर के पास पहुंचे। उन्होंने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और उनके बेटे धीरज साहनी को जबरन बोलेरो में बैठा लिया। आरोप है कि रास्ते में उसके साथ मारपीट भी की गई।

इसके बाद परिवार को फोन कर कहा गया कि धीरज से ‘चिट्टा’ बरामद हुआ है। उसकी रिहाई के लिए पहले 50 हजार रुपए मांगे गए। बातचीत के दौरान रकम घटाकर 30 हजार रुपए कर दी गई।

पुलिस ने बोलेरो और स्विफ्ट जब्त की

जांच अधिकारी ASI रणधीर सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। टीम ने आरोपियों को काबू करने के साथ वारदात में इस्तेमाल दोनों वाहनों को भी कब्जे में ले लिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में शिकायतकर्ता परिवार के साथ आरोपियों की पुरानी रंजिश सामने आई है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *