पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला में भारी बारिश के चलते हालात बिगड़ गए हैं। लगातार बारिश के कारण नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ा, जिससे कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के पास भी तेज बहाव का असर देखने को मिला।
भारी पानी के कारण अलीपुर-खटौली को जोड़ने वाला पुल क्षतिग्रस्त हो गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर रास्ते को वाहनों और पैदल आवाजाही के लिए बंद कर दिया। लोगों को वैकल्पिक मार्ग इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
बारिश के बीच राजीव कॉलोनी, सेक्टर-17 में तेज बहाव वाले नाले में दो युवकों के बहने की सूचना मिली। इनमें से एक को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दूसरे युवक राजेश कुमार की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। तेज पानी के कारण बचाव कार्य में भी मुश्किलें आईं।
वहीं, MDC के रेलवे अंडरपास में पानी भरने से एक कार डूब गई। लगातार बारिश के कारण पंचकूला के कई हिस्सों में घुटनों तक पानी भर गया और लंबा ट्रैफिक जाम लगा। कई वाहन पानी में खराब भी हुए।
प्रशासन और पुलिस ने लोगों से नदियों, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा बैरिकेडिंग पार न करने की अपील की है।
