हरियाणा(बलविंदर सिंह): मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए विशेषज्ञों की उच्च-स्तरीय समिति गठित की गई और राष्ट्रीय स्तर पर परीक्षा-सुधार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। लोक परीक्षा अधिनियम, 2026 के माध्यम से संगठित परीक्षा अपराध करने वालों के लिए 10 वर्ष तक की कैद और कम-से-कम 10 करोड़ रुपये के जुर्माने जैसे कठोर प्रावधान किए जा रहे हैं। पेपर लीक से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण और दोषियों को शीघ्र कठोर दंड दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने का निर्णय लिया है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संदेश एकदम साफ है, मेहनती विद्यार्थी की उत्तर-पुस्तिका पर किसी माफिया का पंजा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होने दिल्ली में हुए प्रदशर्न पर विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विपक्ष युवाओं को गुमराह कर गलत रास्ते पर ले जाने का काम कर रहा हैं। उन्होने कहा कि कांग्रेस पार्टी और सहयोगी दल किस प्रकार से युवाओं का शोषण करते आए हैं उसका उदाहरण हरियाणा भी है और पंजाब भी। उन्होंने कहा कि वर्तमान की पंजाब सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
इससे पूर्व संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने कहा कि वे हरियाणा सरकार के परिवार में सम्मिलित होने पर उपस्थित ग्रुप-डी के सभी अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई देते हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हैं। उन्होंने कहा कि चयनित उम्मीदवारों को आगे बढ़ने का एक सशक्त मंच प्राप्त हुआ है और वे अपनी मेहनत तथा लगन के बल पर अपने लिए किसी भी क्षेत्र में बेहतर करियर का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह भर्ती प्रक्रिया न केवल आपकी योग्यता की पुष्टि करती है, बल्कि निष्पक्ष, पारदर्शी एवं मेरिट आधारित भर्ती के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी स्पष्ट रूप से दर्शाती है। उन्होंने अभ्यर्थियों से आह्वान किया कि वे जिस भी पद पर कार्य करें, अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं सेवाभाव के साथ करें।
धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मानव संसाधन विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री पीसी मीणा ने नवनियुक्त ग्रुप डी कर्मचारियों का मार्गदर्शन करने के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिह सैनी का धन्यवाद किया। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिह सैनी के विचार सभी कर्मचारियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज का यह कार्यक्रम केवल नियुक्ति पत्र प्रदान करने का ही नही बल्कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में हरियाणा सरकार की पारदर्शी, निष्पक्ष और मेरिट आधारित भर्ती प्रणाली के प्रति जनता का अटूट विश्वास है। श्री मीणा ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि सभी कर्मचारी जनसेवा को प्राथमिकता देंगे और हरियाणा की प्रगति में योगदान देते रहेंगे।
इस अवसर पर मानव संसाधन विभाग के निदेशक मोहम्मद इमरान रजा, मेयर श्री शाम लाल बंसल, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश देवीनगर, जिला अध्यक्ष श्री अजय मितल, मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी (शिकायत निवारण) श्री भोपाल सिंह खदरी, उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीण अत्रे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति कर्मचारीगण और अभिभावक गण उपस्थित रहे।
