गुरुग्राम में एप्पल यूजर्स को ठगने वाला कॉल सेंटर पकड़ा:5 युवतियों सहित 17 अरेस्ट, सभी के पास कॉर्पोरेट जैसी फैसिलिटी; नई डिफेंडर बरामद

हरियाणा के गुरुग्राम में साइबर पुलिस ने विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 12 युवकों और 5 युवतियों समेत कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग खुद को Apple कस्टमर सर्विस का प्रतिनिधि बताकर अमेरिका और कनाडा के नागरिकों को तकनीकी सहायता देने के नाम पर ठगते थे। पुलिस ने मौके से 17 कंप्यूटर, 6 लैपटॉप, 5 मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, साइबर अपराध दक्षिण थाना पुलिस को गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड स्थित M3M डिजिटल ग्रीन बिल्डिंग में फर्जी कॉल सेंटर चलाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद इंस्पेक्टर दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। वहां कई युवक और युवतियां कंप्यूटर सिस्टम के सामने हेडफोन लगाकर अंग्रेजी में विदेशी नागरिकों से बातचीत करते मिले। जांच के दौरान कॉल सेंटर के संचालन से जुड़े कंपनी रजिस्ट्रेशन, टेलीकम्युनिकेशन लाइसेंस, ग्राहकों के डेटा और भुगतान के माध्यम से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखाए जा सके।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी Apple के अधिकारी बनकर विदेशी नागरिकों से संपर्क करते थे। वे लोगों के मोबाइल फोन और अन्य डिवाइस में वायरस या तकनीकी खराबी होने का डर दिखाते थे। इसके लिए फर्जी सिक्योरिटी अलर्ट और पॉप-अप का इस्तेमाल किया जाता था। घबराए हुए लोगों को पॉप-अप में दिए गए नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा जाता था, जिसके बाद उनकी बातचीत कॉल सेंटर में बैठे आरोपियों से होती थी।

आरोपी खुद को कंपनी का अधिकृत प्रतिनिधि बताकर समस्या ठीक करने का भरोसा देते थे। इसके बाद तकनीकी सहायता और डिवाइस की सुरक्षा के नाम पर उनसे पैसे ऐंठते थे। कुछ मामलों में Apple गिफ्ट कार्ड खरीदवाकर उनके कोड हासिल किए जाते थे। इन कोड के जरिए रकम भुनाई जाती थी। पुलिस को आशंका है कि इस तरीके से बड़ी संख्या में विदेशी नागरिकों को ठगी का शिकार बनाया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कॉल सेंटर पहले दिल्ली में संचालित किया जा रहा था। इसके बाद करीब छह महीने तक इसे गुरुग्राम के उद्योग विहार में चलाया गया और पिछले दो महीने से M3M डिजिटल ग्रीन बिल्डिंग में इसका संचालन हो रहा था। यहां काम करने वाले कर्मचारियों को 30 हजार से 50 हजार रुपये तक मासिक वेतन के साथ कमीशन दिए जाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जब्त कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है, ताकि ठगी के कुल मामलों, रकम और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस विदेशी नागरिकों को निशाना बनाने वाले इस नेटवर्क के संचालकों और इसके अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की भी जांच कर रही है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *