खडूर साहिब से सांसद और ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह को दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए असम की दिब्रूगढ़ जेल से अमृतसर लाया जाएगा। अमृतसर की अदालत ने उन्हें 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तीन घंटे की कस्टडी पैरोल देने की अनुमति दी है। इस दौरान वह अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में परिवार के साथ रह सकेंगे। पंजाब पुलिस ने उन्हें दिब्रूगढ़ से अमृतसर लाने और वापस जेल पहुंचाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था तैयार करनी शुरू कर दी है।
अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर का 8 नवंबर को 84 वर्ष की उम्र में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। परिवार ने उनका अंतिम संस्कार अमृतपाल की मौजूदगी में करने के लिए रोक रखा था। इससे पहले अदालत ने उन्हें 14 नवंबर को तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी थी, लेकिन दिब्रूगढ़ से अमृतसर तक यात्रा और सुरक्षा के इंतजाम कम समय में नहीं हो पाने के कारण वह पंजाब नहीं पहुंच सके। इसके बाद उनके वकीलों ने अदालत में नई अर्जी दाखिल की थी।
17 नवंबर को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश परिंदर सिंह ने नई याचिका पर सुनवाई करते हुए 21 नवंबर के लिए अनुमति दी। अदालत ने पंजाब सरकार को निर्देश दिया कि अमृतपाल की गांव में मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। यात्रा और सुरक्षा पर होने वाला खर्च अमृतपाल को ही वहन करना होगा, हालांकि अदालत ने उचित खर्च लेने की बात कही है।
अमृतपाल को दिब्रूगढ़ से दिल्ली और फिर अमृतसर लाने की योजना बनाई गई है। पंजाब पुलिस की एक टीम दिब्रूगढ़ जाकर उन्हें अपनी हिरासत में लेगी। इसके बाद पुलिस एस्कॉर्ट में उन्हें हवाई मार्ग से पंजाब लाया जाएगा। अमृतसर पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से जल्लूपुर खेड़ा गांव ले जाया जाएगा। अंतिम संस्कार के बाद उन्हें इसी सुरक्षा व्यवस्था के तहत वापस दिब्रूगढ़ जेल पहुंचाया जाएगा।
पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी की है। अधिकारियों के अनुसार, यात्रा के दौरान और गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। अदालत ने अमृतपाल पर कई पाबंदियां भी लगाई हैं। वह गांव के अलावा किसी अन्य स्थान पर नहीं जा सकेंगे, मीडिया से बातचीत या सार्वजनिक सभा नहीं कर सकेंगे और अभियोजन पक्ष के गवाहों से संपर्क नहीं कर सकेंगे। उन्हें केवल परिवार के सदस्यों से बातचीत की अनुमति होगी।
अदालत ने 22 नवंबर को अस्थियां एकत्र करने और 23 नवंबर को होने वाले भोग समारोह में अमृतपाल की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भागीदारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। अमृतपाल अप्रैल 2023 से असम की दिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। अजनाला थाने पर हुए हमले के मामले में गिरफ्तारी के बाद उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत हिरासत में रखा गया था। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने खडूर साहिब सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की थी।
