जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में जनसमस्याओं के समाधान पर जोर

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह): हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी तथा लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुपर सकर मशीन से शहर के सेक्टर-1 की सीवरेज लाइन को साफ करवाएं और यहां होली पार्क में जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान किया जाए।

कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा सोमवार को रेवाड़ी के बाल भवन सभागार में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान सेक्टर-एक के निवासियों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को दूषित पानी की निकासी सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए। उनके साथ बैठक में रेवाड़ी के विधायक श्री लक्ष्मण सिंह यादव, कोसली के विधायक श्री अनिल यादव, बावल के विधायक डा. कृष्ण कुमार, डीसी श्री अभिषेक मीणा, पुलिस अधीक्षक श्री हेमेंद्र मीणा, एडीसी श्री राहुल मोदी, पीपीपी स्टेट कोऑर्डिनेटर डा. सतीश खोला, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. वंदना पोपली आदि मौजूद रहे।

बैठक में रेवाड़ी निवासी मनजीत कुमार की शिकायत पर लोक निर्माण मंत्री ने शहरी विकास प्राधिकरण के कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि आवेदक को तत्काल प्रभाव से भूखंड आवंटित किया जाए तथा इस मामले में देरी के लिए जो कर्मचारी या अधिकारी जिम्मेदार है, उसकी जांच करवाई जाए। सहादत नगर निवासी भतेरी देवी का प्लाट रास्ते में दिखाए जाने पर मंत्री रणबीर गंगवा ने डीटीपी को वर्तमान स्थिति के अनुसार कालोनी का नक्शा पास करवाने के निर्देश दिए।

गांव सुलखा निवासी कुलदीप सिंह ने बरसात के समय घर में पानी भर जाने की शिकायत रखी। कैबिनेट मंत्री ने ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त कर यहां नाली बनवाने के निर्देश दिए। बैठक में 13 परिवादों की सुनवाई की गई, जिनमें से 4 का मौके पर निपटारा किया गया। शेष मामलों में अध्यक्ष ने रिपोर्ट दिए जाने के निर्देश दिए।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *