गणपति पंडाल में चोरी का CCTV आया सामने, युवक सोता रहा और प्लग निकाल फर्राटा पंखा ले उड़ा चोर

लुधियाना(गुरप्रीत सिंह): लुधियाना के सिंगर सिनेमा की बैक साइड स्थित रणजीत सिंह पार्क में चल रहे गणपति उत्सव के पंडाल में चोरी का मामला सामने आया है। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे भगवान के दरबार और आयोजन स्थलों को भी अपना निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। यहां से एक शातिर चोर दोपहर के समय एक चलता हुआ फर्राटा पंखा चोरी करके ले गया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आ गया है।

CCTV में कैद हुआ चोरी का वीडियो

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में चोरी का पूरा तरीका साफ नजर आ रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पंडाल में एक युवक चारपाई पर सो रहा है और गर्मी से बचाव के लिए पंडाल में दो फर्राटा पंखे चल रहे हैं।
तभी दोपहर करीब 12 बजे एक अज्ञात व्यक्ति पंडाल में दाखिल होता है। वह बिल्कुल भी घबराता नहीं है बल्कि बड़े ही शातिराना अंदाज में सीधे पंखे के मेन स्विच के पास जाता है और प्लग निकाल देता है। इसके बाद वह बड़ी तसल्ली से पंखे पर उसकी तार लपेटता है। चोरी करने से पहले वह शातिर चोर इधर-उधर नजर दौड़ाकर यह भी चेक करता है कि कोई उसे देख तो नहीं रहा। जब उसे तसल्ली हो जाती है, तो वह आसानी से पंखा उठाता है और वहां से रफूचक्कर हो जाता है। पास ही मंजे पर सो रहे युवक को इस बात की भनक तक नहीं लगती।

पंडाल के अंदर व्यक्ति के मौजूद होने के बावजूद इस तरह की चोरी होना इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। भगवान गणेश के पंडाल से हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, आयोजनकर्ताओं द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *