अमृतसर नॉर्थ विधानसभा हलके में भाजपा नेता अक्षय शर्मा की ओर से आयोजित राखी महासम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने अक्षय शर्मा को राखी बांधकर उनके प्रति स्नेह और भाईचारे की भावना जताई। कार्यक्रम में पंजाबी सिंगर गुरलेज अख्तर भी प्रस्तुति दे रही हैं, जिससे समारोह में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
महिलाओं को बताया परिवार का हिस्सा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अक्षय शर्मा ने कहा कि हलके की महिलाएं उनके लिए केवल क्षेत्रवासी नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि राखी का त्योहार भाई-बहन के रिश्ते, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। महिलाओं से मिले इस स्नेह को वह अपने लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी के रूप में देखते हैं।
गरीबी और मुश्किल हालात बदलने की जरूरत
अक्षय शर्मा ने कहा कि अमृतसर नॉर्थ विधानसभा हलके के कई इलाकों में लोग आज भी गरीबी और मुश्किल परिस्थितियों में जीवन जीने को मजबूर हैं। ऐसे हालात को बदलने के लिए केवल राजनीतिक वादे पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि युवाओं को आगे आकर जिम्मेदारी संभालनी होगी। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति के जरिए क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार और विकास के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
माताओं-बहनों के आशीर्वाद से मजबूत होगा युवा नेतृत्व
अक्षय शर्मा ने कहा कि माताओं और बहनों का आशीर्वाद युवा नेतृत्व को आगे बढ़ने की ताकत देता है। उनका सपना है कि 2027 के विधानसभा चुनावों के बाद अमृतसर नॉर्थ हलके की तस्वीर बदले और यहां रहने वाले लोग मजबूरी में नहीं, बल्कि मजबूती और आत्मविश्वास के साथ जीवन जिएं।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाना नहीं है। वह चुनाव के बाद भी लगातार लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए काम करने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि हलके के विकास और लोगों की बेहतर जिंदगी के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
