नई दिल्ली(राजीव शर्मा):9वां प्राकृतिक चिकित्सा दिवस देशभर में ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ थीम के तहत मनाया गया। इस अवसर पर निवारक स्वास्थ्य देखभाल, स्वस्थ जीवनशैली और समग्र स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देने में प्राकृतिक चिकित्सा तथा प्रकृति आधारित स्वास्थ्य देखभाल के महत्व को रेखांकित किया गया। राष्ट्रीय स्तर का मुख्य समारोह केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, नागमंगला, कर्नाटक में आयोजित किया गया। इसका आयोजन आयुष मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद द्वारा राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान, पुणे के सहयोग से किया गया।
इस कार्यक्रम के दौरान आयुष मंत्रालय में राज्य मंत्री, (स्वतंत्र प्रभार) तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव और आयुष मंत्रालय के सचिव श्री वैद्य राजेश कोटेचा ने वीडियो संदेशों के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं एवं बधाई दीं।
श्री प्रतापराव जाधव ने अपने संदेश में प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व को उजागर किया जो रोकथाम स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में सहायक है।
श्री प्रतापराव जाधव ने नागरिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने तथा इस चिकित्सा पद्धति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में चिकित्सकों, शोधकर्ताओं, संस्थानों और अन्य संबंधित हितधारकों के प्रयासों की सराहना भी की।
श्री वैद्य राजेश कोटेचा ने अपने संदेश में निवारक स्वास्थ्य देखभाल, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने में प्राकृतिक चिकित्सा की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सा को आगे बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान, स्वास्थ्य जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही, उन्होंने नागरिकों से स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी के आधार पर जागरूक एवं स्थायी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया।
कर्नाटक सरकार में जल संसाधन (वृहद एवं मध्यम सिंचाई) मंत्री तथा नागमंगला के विधायक श्री एन. चेलुवरायस्वामी ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। वहीं आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुश्री अलरमेलमंगई डीने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
सभा को संबोधित करते हुए, श्री एन. चेलुवरायस्वामी ने नागमंगला स्थित केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान की स्थापना एवं विकास की सराहना की। उन्होंने क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में इस संस्थान की संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि संस्थान की सुविधाएं आम जनता के लिए सुलभ बनाई जानी चाहिए, ताकि आसपास के क्षेत्रों के लोग प्राकृतिक चिकित्सा आधारित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।
श्री एन. चेलुवरायस्वामी ने संस्थान के विकास के लिए अपना पूर्ण समर्थन एवं सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कर्नाटक में आयुष मंत्रालय की परियोजनाओं तथा भारत सरकार की अन्य पहलों के क्रियान्वयन को सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित करने की इच्छा भी व्यक्त की।
सुश्री अलरमेलमंगई डी. ने योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की बढ़ती स्वीकार्यता और जीवनशैली से संबंधित विकारों के समाधान में निवारक एवं स्वास्थ्य संवर्धन संबंधी देखभाल के माध्यम से उनकी प्रासंगिकता को रेखांकित किया। उन्होंने केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अनुसंधान बुनियादी ढांचे के विस्तार की जानकारी भी दी। इसमें निम्नलिखित संस्थान एवं सुविधाएं शामिल हैं, नागमंगला, कर्नाटक, केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, झज्जर, हरियाणा, केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान और रोहिणी, दिल्ली अनुसंधान संबंधी सुविधाएं। उन्होंने शिक्षा, अनुसंधान, प्रशिक्षण, नैदानिक सेवाओं तथा जन-जागरूकता के क्षेत्र में राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्था, पुणे के योगदान की भी सराहना की।
प्रो. (डॉ.) ज्योति केसवानी, निदेशक, केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने अपने स्वागत भाषण में प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में अनुसंधान को आगे बढ़ाने, संस्थागत विकास को प्रोत्साहित करने तथा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के प्रचार-प्रसार में परिषद की भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद तथा राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान, पुणे द्वारा कई शोध प्रकाशनों, शैक्षिक संसाधनों और नई पहलों का विमोचन किया गया। इनमें निम्नलिखित शामिल हैं, प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद द्वारा जारी प्रकाशन एवं पहल, वृत्तचित्र फिल्में: नागमंगला (कर्नाटक) और झज्जर (हरियाणा) स्थित केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थानों पर आधारित वृत्तचित्र फिल्मों का विमोचन किया गया। इंडियन जर्नल ऑफ योगा एंड नेचुरोपैथी : इसके खंड 1, अंक 3 का विमोचन किया गया। योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा पुस्तक: योग और प्राकृतिक चिकित्सा पर आधारित पुस्तक जारी की गई, इंटर्न बुकलेट: प्रशिक्षुओं के लिए शैक्षिक पुस्तिका का विमोचन किया गया, मधुमेह जीवनशैली अनुसंधान: टाइप-2 मधुमेह के लिए जीवनशैली संबंधी हस्तक्षेपों पर आधारित एक नैदानिक परीक्षण का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान, पुणे द्वारा जारी प्रकाशन राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान, पुणे द्वारा दो प्रमुख प्रकाशनों का विमोचन किया गया, नेचर क्योर 360: सतत एवं स्वस्थ भविष्य की दिशा में सामुदायिक स्वास्थ्य से संबंधित एक पहल, पारिवारिक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा से संबंधित प्रकाशन।
कार्यक्रम के दौरान प्राकृतिक चिकित्सा खाद्य मेले तथा औषधीय पौधों के रोपण अभियान का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों, स्वस्थ जीवनशैली और प्रकृति आधारित स्वास्थ्य देखभाल पद्धतियों के महत्व को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में कई प्रमुख व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें प्रो. (डॉ.) ज्योति केसवानी, निदेशक, केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद, प्रो. (डॉ.) गीता बी. शेट्टी, निदेशक, राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान, पुणे और डॉ. वादिराजा एच.एस. सहायक निदेशक, केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, नागमंगला, आयुष मंत्रालय शामिल थे।
9वें प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के आयोजन ने निवारक एवं स्वास्थ्य संवर्धन संबंधी स्वास्थ्य देखभाल को मजबूत बनाने में अनुसंधान-आधारित योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व को एक बार फिर दर्शाय़ा। अनुसंधान, संस्थागत विकास, जन-जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी के क्षेत्र में निरंतर प्रयासों के माध्यम से आयुष मंत्रालय समग्र स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देने तथा स्वस्थ भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रहा है।
