केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा संस्थान की 13वीं गवर्निंग बॉडी बैठक की अध्यक्षता की

नई दिल्ली(राजीव शर्मा):आयुष मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने आज नई दिल्ली के कर्तव्य भवन-I में राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा संस्थान (एनआईयूएम) की 13वीं गवर्निंग बॉडी बैठक की अध्यक्षता की।

यूनानी शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवा को आगे बढ़ाने में एनआईयूएम की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए, श्री प्रतापराव जाधव ने बताया कि संस्थान के 10 स्नातकोत्तर विभागों में वर्तमान में 71 छात्र अध्ययनरत हैं। उन्होंने संस्थान के प्रस्तावित विस्तार के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस प्रक्रिया में 5 नए स्नातकोत्तर विभाग, 35 अतिरिक्त सीटें और एकीकृत और अनुवादपरक अनुसंधान विभाग शामिल हैं।

श्री जाधव ने दिल्ली के पास गाजियाबाद में एनआईयूएम के दूसरे परिसर के विकास पर भी प्रकाश डाला, जिसमें 200 बिस्तरों वाला रेफरल अस्पताल, स्नातकोत्तर शिक्षा और अनुसंधान सुविधाएं प्रस्तावित हैं। मौजूदा प्रवेश क्षमता के भीतर विदेशी छात्रों के लिए 24 सीटों के प्रस्ताव का स्वागत करते हुए, उन्होंने कहा कि इससे अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक जुड़ाव मजबूत होगा और यह वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना को भी दर्शाएगा।

उन्होंने एनआईयूएम से तीन प्रमुख अपेक्षाएं समयबद्धता, जवाबदेही और सेवाओं पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का तुरंत समाधान किया जाना चाहिए और हर परियोजना के लिए स्पष्ट समय-सीमा और जिम्मेदारियां तय की जानी चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि संस्थान द्वारा विकसित स्वास्थ्य सेवाएं और उपचार समाज के सबसे गरीब वर्गों तक पहुंचने चाहिए।

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ यूनानी मेडिसिन (एनआईयूएम), बेंगलुरु के निदेशक प्रो. सैयद शाह आलम ने केंद्रीय मंत्री और आयुष मंत्रालय के सचिव का स्वागत किया। उन्होंने संस्थान की गतिविधियों, उपलब्धियों और प्रस्तावित पहलों पर प्रकाश डालते हुए एक प्रस्तुति भी दी।

इस बैठक में आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा, अतिरिक्त सचिव और वित्तीय सलाहकार श्री होयदा अब्बास, कर्नाटक सरकार के वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री रितेश कुमार सिंह, आयुष मंत्रालय के सलाहकार (यूनानी) डॉ. एम.ए. कासमी, यूनानी, सिद्ध और सोवा-रिग्पा बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. असीम अली खान और सेंट्रल काउंसिल फॉर रिसर्च इन यूनानी मेडिसिन (सीसीआरयूएम) के महानिदेशक डॉ. एन. ज़हीर अहमद सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बैठक का समापन इस बात पर जोर देते हुए हुआ कि संस्थान के भविष्य के विकास के लिए संस्थागत प्रशासन को मजबूत किया जाए, स्वीकृत पहलों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और हितधारकों के बीच आपसी समन्वय को बेहतर बनाया जाए।

By nishuthapar1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *