फरीदकोट में गोल्डी बराड़ गैंग की टारगेट किलिंग की साजिश नाकाम: 2 लोगों की हत्या करने की तैयारी में थे 4 आरोपी, 3 पिस्तौल और 11 कारतूस बरामद

पंजाब के फरीदकोट जिले में पुलिस ने टारगेट किलिंग की साजिश को नाकाम करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के संपर्क में थे और उसके निर्देश पर कोटकपूरा इलाके में दो लोगों की हत्या करने की योजना बना रहे थे। संयुक्त पुलिस ऑपरेशन के दौरान आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्तौल और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF), फरीदकोट पुलिस और हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मिलकर की। पुलिस टीमों ने गुप्त सूचना के आधार पर कोटकपूरा के गांव ढिलवां कलां के नजदीक एक सुनसान स्थान पर छापा मारा। यहां चारों आरोपी कथित तौर पर किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोटकपूरा निवासी सुरेंद्र सिंह उर्फ शैरी, गांव पंजगराईं कलां निवासी सुखनाम सिंह उर्फ सुक्खा, गांव ढिलवां कलां निवासी मुस्ताक अली और हैप्पी सिंह के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक .32 बोर और दो .30 बोर की पिस्तौल के साथ 11 जिंदा कारतूस बरामद किए।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर के सीधे संपर्क में थे। उसके निर्देश पर कोटकपूरा क्षेत्र में दो व्यक्तियों को निशाना बनाने की योजना बनाई जा रही थी। पुलिस की समय रहते कार्रवाई से कथित साजिश को अंजाम देने से पहले ही रोक दिया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चारों आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। मामले में थाना सदर कोटकपूरा में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्हें हथियार कहां से मिले और विदेश में बैठे गैंगस्टर से उनका संपर्क किस माध्यम से हुआ।

जांच में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हथियारों की सप्लाई करने वालों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जिन दो लोगों को निशाना बनाने की योजना थी, वे कौन थे और आरोपियों को उनकी हत्या की सुपारी किसने दी थी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई का उद्देश्य राज्य में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क को तोड़ना और संभावित हिंसक वारदातों को रोकना है। मामले की आगे की जांच जारी है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *