भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 18 नवंबर को पंजाब के जालंधर दौरे पर आएंगे। वह डेरा सचखंड बल्लां के नजदीक रायपुर गांव से 2,558 किलोमीटर लंबी ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस मौके पर एक बड़ी जनसभा भी आयोजित की जाएगी। यह यात्रा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित होगी। यात्रा का समापन 3 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित सीर गोवर्धनपुर में होगा, जिसे गुरु रविदास जी की जन्मस्थली माना जाता है।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने 16 नवंबर को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यात्रा का कार्यक्रम साझा किया। उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं और समानता, भक्ति, सामाजिक सद्भाव तथा मानवता के संदेश को देशभर में पहुंचाना है। भाजपा का लक्ष्य इस अभियान के माध्यम से देश के 2 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचना है।
7 राज्यों और 46 शहरों से गुजरेगी यात्रा
करीब 2,558 किलोमीटर की यह यात्रा पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी। इसके दौरान देश के 46 शहरों को कवर किया जाएगा। यात्रा के दौरान 29 बड़ी जनसभाएं और 27 जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।
पंजाब में यात्रा करीब 700 किलोमीटर का सफर तय करते हुए 17 जिलों से गुजरेगी। इसके मार्ग में जालंधर, होशियारपुर, मुकेरियां, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, संगरूर, लुधियाना, रूपनगर, मोहाली और चंडीगढ़ सहित कई स्थान शामिल हैं।
गुरु रविदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का उद्देश्य
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि यात्रा के जरिए गुरु रविदास जी महाराज की समानता, भाईचारे, सामाजिक एकता और मानवता की शिक्षाओं को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। यात्रा के समापन कार्यक्रम में वाराणसी में विशेष आयोजन होगा।
इस कार्यक्रम में पंजाब भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इनमें पूर्व पंजाब भाजपा अध्यक्ष विजय सांपला, पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, गेजा राम वाल्मीकि, सुशील रिंकू, प्रदेश महासचिव रजनीश धीमान और प्रदेश मीडिया प्रमुख विनीत जोशी शामिल थे।
जालंधर में यात्रा की शुरुआत को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हुई हैं। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले विभिन्न राजनीतिक दल डेरा सचखंड बल्लां और गुरु रविदास जी की शिक्षाओं से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
