हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला में गाड़ी के पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद में फायरिंग का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर-15 में रविवार रात अपने दोस्त के प्लॉट पर बैठे एक युवक पर कुछ युवकों ने तीन से चार राउंड गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि युवक इस हमले में बाल-बाल बच गया। पीड़ित की शिकायत पर सांपला थाना पुलिस ने चार नामजद आरोपियों और दो-तीन अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बहादुरगढ़ निवासी मयंक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रविवार रात करीब 9 बजे सांपला के वार्ड नंबर-15 में अपने दोस्त के प्लॉट पर बैठा हुआ था। इसी दौरान दो गाड़ियों में सवार होकर आधा दर्जन से अधिक युवक वहां पहुंचे। उनके बीच गाड़ी के पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हो गया।
तीन से चार राउंड फायरिंग का आरोप
मयंक के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उस पर गोलियां चला दीं। उसने आरोप लगाया कि हमलावरों ने तीन से चार राउंड फायर किए। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद आरोपी अपनी गाड़ियों में बैठकर वहां से चले गए।
पीड़ित ने पुलिस को दोनों गाड़ियों के नंबर भी उपलब्ध कराए हैं। शिकायत में यस, अमन फौजी, भोलू और पदम सहित दो-तीन अन्य युवकों के नाम बताए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
BNS और आर्म्स एक्ट के तहत केस
पुलिस ने 16 नवंबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 351(3), 191(3) और 190 के अलावा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(A) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जांच अधिकारी तिर्लोचन के अनुसार, आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। घटना के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था और फायरिंग किसने की, इसकी जांच की जा रही है।
सूत्रों के हवाले से एक आरोपी को हिरासत में लिए जाने की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गाड़ी के पैसों के विवाद से जुड़े पूरे घटनाक्रम का पता चल सकेगा।
