पटियाला में प्रॉपर्टी डीलर की कार पर दिनदहाड़े फायरिंग: लाइसेंसी हथियार से दिया जवाब, CCTV में कैद हुए हमलावर; 50 लाख की फिरौती मांगने का आरोप

पंजाब के पटियाला में सोमवार को प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों पर दिनदहाड़े फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना सनौरी अड्डा के पास हुई, जहां कार में सवार होकर निकलने की तैयारी कर रहे प्रॉपर्टी कारोबारी पर तीन हमलावरों ने गोलियां चला दीं। इसके बाद कार सवारों ने भी अपने लाइसेंसी हथियारों से जवाबी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावरों को वारदात के बाद भागते हुए देखा जा सकता है।

प्रॉपर्टी कारोबारी सुखविंदर सिंह उर्फ गागू ने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ घर के बाहर कार में बैठा था। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद तीन युवकों ने उनकी कार पर नजदीक से गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। गागू ने अपनी और साथियों की सुरक्षा के लिए लाइसेंसी हथियार से जवाबी गोलियां चलाईं। इसके बाद हमलावर वहां खड़े एक ट्रक की आड़ लेकर भागने लगे।

25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपए मांगे

सुखविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि पिछले करीब एक साल से उसे रंगदारी के लिए धमकियां मिल रही थीं। उसके मुताबिक, बॉबी और गैंगस्टर रवि नाम के व्यक्तियों की ओर से पहले 25 लाख रुपए की मांग की गई थी। बाद में यह रकम बढ़ाकर 50 लाख रुपए कर दी गई। कारोबारी का दावा है कि दिसंबर 2025 में उसे पहली बार रंगदारी के लिए फोन आया था और उसने इस संबंध में पहले भी पुलिस को शिकायत दी थी।

गागू ने आरोप लगाया कि रंगदारी देने से इनकार करने के कारण ही उस पर हमला करवाया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हमले के पीछे रंगदारी की वजह की पुष्टि नहीं की है। इस पहलू की जांच की जा रही है।

एक साथी घायल, पुलिस खंगाल रही CCTV

फायरिंग की घटना में प्रॉपर्टी डीलर के एक साथी के घायल होने की सूचना है। पुलिस के अनुसार, हमलावरों में से भी एक के घायल होने की आशंका है। हालांकि, उसकी पहचान और स्थिति की पुष्टि नहीं हुई है।

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

DSP संजीव सिंगला के अनुसार, पीड़ित और उसके घायल साथी के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *