मालाबार 2026 के बाद आईएनएस सह्याद्रि की योकोसुका यात्रा संपन्न

नई दिल्ली(राजीव शर्मा):भारतीय नौसेना का आधुनिक सुविधाओं से लैस स्वदेशी निर्देशित मिसाइल स्टील्थ फ्रिगेट जहाज आईएनएस सह्याद्रि मालाबार अभ्यास 2026 के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद 12 नवंबर 2026 को जापान के योकोसुका नौसैनिक अड्डे से रवाना हुआ।

इस अभ्यास में भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की नौसेनाओं ने संयुक्त रूप से भाग लिया। इसके ‘बंदरगाह चरण’ के दौरान चारों देशों की नौसेनाओं ने विभिन्न पेशेवर गतिविधियों में हिस्सा लिया, जबकि ‘समुद्री चरण’ में समन्वित समुद्री अभियानों को पूरा किया https://www.pib.gov.in/PressReleseDetailm.aspx?PRID=2333046।

समुद्री चरण में कई प्रकार के समुद्री अभियान और अभ्यास शामिल थे। इनमें पनडुब्बी रोधी युद्धाभ्यास, जहाज पर चढ़कर तलाशी और जब्ती (वीबीएसएस) अभ्यास, समुद्री अवरोधन अभियान, तोप संचालन अभ्यास, समुद्र में सामग्री एवं रसद की आपूर्ति की प्रक्रियाएं तथा एक जहाज से दूसरे जहाज पर हेलीकॉप्टर उतारने का अभ्यास शामिल था। इन गतिविधियों ने भाग लेने वाली नौसेनाओं को आपसी तालमेल, परिचालन समन्वय और एक-दूसरे की कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझने के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किए।

बंदरगाह चरण के दौरान परिचालन समन्वय से जुड़ी गतिविधियां, एक-दूसरे के जहाजों का दौरा, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों से भाग लेने वाले कर्मियों के बीच आपसी तालमेल बढ़ा तथा उनके पारस्परिक संबंध और भी अधिक मजबूत हुए।

इस अभ्यास के सफल समापन ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सहयोग और सामूहिक सुरक्षा के प्रति भाग लेने वाली नौसेनाओं की साझा प्रतिबद्धता को एक बार फिर पुष्ट किया है। यह भारत के महासागर (विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए आपसी एवं समग्र प्रगति) के दृष्टिकोण के अनुरूप है।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *