चंडीगढ़(बलविंदर सिंह): हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने आज भिवानी भिवानी जिले को 142 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार जताते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के चालू होने से जिले के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि कहा कि मुख्यमंत्री ने 8 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया है। इनमें 133 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से पूरी हुई 6 परियोजनाओं का उद्घाटन तथा 8 करोड़ 46 लाख रुपये से अधिक की लागत से होने वाले 2 विकास कार्यों का शिलान्यास शामिल है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने आज भिवानी-चरखी दादरी रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के शोधित अपशिष्ट जल का सिंचाई के लिए पुनः उपयोग करने की 84 करोड़ 33 लाख रुपये से अधिक की परियोजना का लोकार्पण किया है। इस परियोजना के माध्यम से 30 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी से शोधित पानी का उपयोग कृषि भूमि की सिंचाई के लिए किया जाएगा। इससे जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होने के साथ-साथ किसानों को सिंचाई के लिए पानी का वैकल्पिक स्रोत उपलब्ध होगा।
इस परियोजना से लगभग 5,300 एकड़ कृषि भूमि को लाभ मिलेगा। इसके तहत हालुवास, प्रहलादगढ़, निमड़ीवाली, धाना नरसान, रूपगढ़ और धिराणा कलां सहित आसपास के गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए शोधित पानी उपलब्ध करवाने का लक्ष्य है। इससे भूजल पर निर्भरता कम करने, बहुमूल्य जल संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और किसान कल्याण को ध्यान में रखते हुए जल संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने किसानों से पानी की प्रत्येक बूंद का महत्व समझने, सिंचाई के दौरान पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा जल संरक्षण की पहलों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
