लेथब्रिज (राजीव शर्मा): अल्बर्टा ने इस वर्ष के ‘कम्युनिटी जस्टिस अवार्ड्स’ के जरिए अधिक सुरक्षित, मजबूत और सशक्त समुदायों के निर्माण में दिए गए योगदान के लिए 25 व्यक्तियों को सम्मानित किया है।
दो साल में एक बार आयोजित होने वाले ये पुरस्कार उन लोगों का सम्मान करते हैं जिनका कार्य सामुदायिक और न्याय सेवाओं के व्यापक क्षेत्रों में फैला हुआ है। पुरस्कार पाने वालों में पुलिस अधिकारी, वकील, सुधार गृह (करेक्शनल) कर्मी, पीड़ितों के पक्षधर (विक्टिम एडवोकेट्स), युवा स्वयंसेवक और आपातकालीन प्रबंधन विशेषज्ञ शामिल हैं।
यह सम्मान 2 अक्टूबर को लेथब्रिज में आयोजित एक समारोह के दौरान प्रदान किए गए, जिसमें पीड़ितों की मदद करने, अपराध व हिंसा की रोकथाम, न्याय तक पहुंच को सुगम बनाने और समुदायों को आपात स्थितियों के लिए तैयार करने में जुटे अल्बर्टा वासियों के प्रयासों को रेखांकित किया गया।
सार्वजनिक सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवा मंत्री माइक एलिस ने कहा कि ये पुरस्कार उन जमीनी स्तर के प्रयासों को पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करते हैं, जिन पर अक्सर लोगों का ध्यान नहीं जा पाता। उन्होंने सुरक्षित समाज के निर्माण के प्रति इस वर्ष के सम्मानित व्यक्तियों की निष्ठा की भी सराहना की।
न्याय मंत्री और अटॉर्नी जनरल मिकी अमेरी ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनका कार्य उस समर्पण और नए दृष्टिकोण को दर्शाता है जिसकी आवश्यकता अल्बर्टा भर के समुदायों को सशक्त बनाने के लिए है।
नामांकन पांच प्रमुख श्रेणियों के तहत स्वीकार किए गए थे: न्याय तक पहुंच में सुधार; पीड़ितों का सहयोग और उनका प्रतिनिधित्व; अपराध व हिंसा की रोकथाम एवं त्वरित प्रतिक्रिया; अपराधियों के पुनर्वास तथा समाज में उनकी सफल वापसी में सहायता; और आपदा तैयारियों व आपदा-सहनशीलता (रेजिस्टेंस) को मजबूत करना।
हर दो वर्ष में आयोजित होने वाले ‘कम्युनिटी जस्टिस अवार्ड्स’ उन व्यक्तियों और संगठनों को मान्यता प्रदान करते हैं जिनकी निस्वार्थ सेवा अल्बर्टा की न्याय प्रणाली और समूचे प्रांत के समुदायों की भलाई में अमूल्य योगदान देती है।
