रिश्वत की शिकायत पर शिवराज सिंह चौहान का एक्शन, विपणन अधिकारी निलंबित

नई दिल्ली(राजीव शर्मा): केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रिश्वत मांगने की शिकायत पर कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी अनुराग के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विपणन अधिकारी ने सीहोर जिले में निरीक्षण के दौरान दो वेयरहाउस से सब्सिडी की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगी थी। शिकायत के अनुसार, भैरुंदा तहसील स्थित शिवाय वेयरहाउस से 1 लाख रुपये और रेहटी क्षेत्र के ग्राम बेहराखेड़ी स्थित श्री कृष्णा वेयरहाउस से 60 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। मामले की शिकायत केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान तक पहुंची थी।

शिकायत मिलने के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी अनुराग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। कार्रवाई के बाद मंत्रालय की ओर से यह संदेश भी साफ है कि किसानों और वेयरहाउस संचालकों से संबंधित सरकारी प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता या रिश्वतखोरी की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *