वैंकूवर (अमृत ढोट): भारत की व्यावसायिक, शिल्प कौशल और उद्यमशीलता की ताकत शुक्रवार को वैंकूवर में चर्चा के केंद्र में रही, जब वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के नेतृत्व में आए एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय उद्यमों को कनाडाई व्यापारिक दिग्गजों के आमने-सामने लाकर व्यापार, साझेदारी और बाजार विस्तार के नए अवसरों की खोज की।
भारत के महावाणिज्य दूतावास, वैंकूवर द्वारा आयोजित बिजनेस राउंडटेबल, नेटवर्किंग एवं ब्रेकफास्ट कार्यक्रम ‘नमस्ते कनाडा 2026’ के 9वें संस्करण का हिस्सा था। इसने भारतीय कंपनियों और कनाडाई व्यवसायों को आपस में जुड़ने, विचारों का आदान-प्रदान करने और व्यावसायिक अवसरों की तलाश करने के लिए एक प्रमुख मंच प्रदान किया।



इस सफल सम्मेलन में आए हुए भारतीय प्रतिनिधिमंडल के प्रतिनिधियों, कनाडाई व्यापारिक नेताओं और भारत से वर्चुअल माध्यम से जुड़े उद्यमियों ने भाग लिया, जिससे यह कार्यक्रम सीमा पार व्यापारिक नेटवर्किंग का एक केंद्रित मंच बन गया।
भारत के पारंपरिक और प्रीमियम उद्योगों के एक विस्तृत दायरे का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतिभागी उद्यमों ने पारंपरिक शिल्पकला, पर्यावरण-अनुकूल (सस्टेनेबल) जीवनशैली उत्पाद, प्रीमियम खाद्य एवं पेय पदार्थ, कपड़ा (टेक्सटाइल), आभूषण, सुगंध और कॉर्पोरेट व प्रीमियम उपहार उत्पादों का प्रदर्शन किया।
यह आयोजन केवल उत्पादों के प्रचार तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने प्रतिभागी व्यवसायों को संभावित साझेदारियों पर चर्चा करने, बाजार के अवसरों को समझने और संभावित कनाडाई साझेदारों के साथ संपर्क स्थापित करने का अवसर भी प्रदान किया।
वैंकूवर का यह कार्यक्रम इस बात को रेखांकित करता है कि कैसे भारत की समृद्ध विरासत और शिल्प कौशल को अब उद्यमिता और अंतरराष्ट्रीय व्यापार अवसरों के साथ मजबूती से पेश किया जा रहा है, जिसने ‘नमस्ते कनाडा 2026’ को एक सशक्त व्यावसायिक आयाम दिया।
इस सफल गोलमेज सम्मेलन ने व्यवसायों और उद्यमियों को एक साथ लाने तथा भारत और कनाडा के बीच आर्थिक और वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने में भारत के महावाणिज्य दूतावास, वैंकूवर की अहम भूमिका को भी उजागर किया।
