पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में पुलिस ने फिरौती मांगने वाले एक गैंग के दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई खमाणों इलाके में हुई। इस दौरान एक बदमाश और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ में एक बदमाश की टांग में गोली लगी। वहीं, दूसरा बदमाश दीवार फांदकर भागने की कोशिश में घायल हो गया। पुलिस ने दोनों बदमाशों को मौके पर ही पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 12 बोर का देसी कट्टा मिला है। पुलिस अब आरोपियों के संपर्कों और फिरौती के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
पिछले करीब एक हफ्ते से स्थानीय लोगों और दुकानदारों को धमकी भरे कॉल कर फिरौती मांगने की शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं। इन शिकायतों के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
13 सितंबर को हुई एफआईआर
एसएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि इस मामले में 13 सितंबर को एफआईआर नंबर 218 दर्ज हुई थी। जांच के लिए एसपी-डी की निगरानी में कई पुलिस टीमें बनाई गईं। डीएसपी खमाणों के नेतृत्व में एसएचओ, सीआईए और तकनीकी टीम ने जांच की।
एसएसपी के मुताबिक, तकनीकी जांच में पता चला कि एक विदेशी कोड वाले मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया गया था। इस जांच के आधार पर पुलिस ने अजीत और अमनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि अमनप्रीत स्थानीय लोगों और शिकायतकर्ताओं से जुड़ी जानकारी जुटाकर अजीत तक पहुंचाता था। इसके बाद अजीत फोन के जरिए धमकी देकर फिरौती मांगता था।
दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस हथियार ढूंढने के लिए उन्हें गांव संघोल स्थित एक भट्ठे पर लेकर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, एएसआई नाजर सिंह की टीम भट्ठे पर हथियार ढूंढ रही थी।
इसी दौरान अजीत ने वहां छिपाया हुआ हथियार निकाला और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग से बचने के दौरान एक पुलिसकर्मी गिरकर घायल हो गया।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली अजीत की टांग में लगी और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

