BJP की नशामुक्त यात्रा को AAP ने काले झंडे दिखाए, पठानकोट में नारेबाजी

विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने नशामुक्त पंजाब यात्रा शुरू कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पठानकोट में नशे के खिलाफ हेल्पलाइन नंबर 97149-02027 जारी किया। इसके अलावा नशामुक्त पंजाब का पोस्टर भी जारी किया गया है।

इस बीच जब यात्रा पंगोली चौक पहुंची तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा की यात्रा को काले झंडे दिखाए। जिसके बाद भाजपा और आप के वर्कर आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों ने मुर्दाबाद के नारे लगाए। माहौल तनावपूर्ण होता देख भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बीच-बचाव करते हुए दोनों पार्टियों के समर्थकों को शांत करवाने का प्रयास किया, लेकिन नारेबाजी 30 मिनट तक जारी रही। जिसके बाद पुलिस ने भाजपा की यात्रा को वहां से निकलवाने के लिएबैरिकेडिंग की और किसी तरह टकराव से बचाते हुए यात्रा को रवाना किया।

इससे पहले नितिन नवीन ने कहा कि पंजाब हर क्षेत्र में अग्रणी रहा है। वह आज उस मुद्दे को लेकर यहां आए हैं, जिसकी आवाज और दर्द हर घर में सुनाई दे रहा है। एक मां ने अपने 5 बेटे खो दिए। अब हम नशा माफिया खत्म करेंगे। पंजाब में नशामुक्ति अभियान को आगे ले जाना है और इसे ताकत देनी है।

बता दें कि भाजपा की ये यात्रा 13 दिन में 4 हजार किलोमीटर दूरी तय करते हुए पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। 30 सितंबर को रैली जालंधर में खत्म होगी, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रैली करेंगे। पठानकोट के बाद 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब, 20 सितंबर को फाजिल्का और 21 सितंबर को तलवंडी साबो से ऐसी ही रथयात्रा शुरू होगी।

भाजपा ने नशामुक्त पंजाब यात्रा शुरू की। जिसे नितिन नवीन ने बीजीपी का झंडा फहराकर शुरू करवाया।

भाजपा ने नशामुक्त पंजाब यात्रा शुरू की। जिसे नितिन नवीन ने बीजीपी का झंडा फहराकर शुरू करवाया।

नितिन नवीन की 5 बड़ी बातें…

  • पठानकोट से नशे के खिलाफ नई लड़ाई का संकल्पः नितिन नवीन ने कहा कि वह पठानकोट की धरती पर सिर्फ यात्रा का आरंभ करने नहीं, बल्कि पंजाब में नशे के खिलाफ एक नई लड़ाई को संकल्प के साथ शुरू करने आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश को लेकर भाजपा पंजाब के लोगों के बीच पहुंच रही है।
  • नशे से पंजाब का नौजवान और भविष्य खतरे मेंः नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2 अगस्त को नशे के खिलाफ अभियान शुरू कर लोगों से नशा छोड़कर आगे बढ़ने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि इस लड़ाई की शुरुआत पंजाब से होनी चाहिए, क्योंकि पंजाब का नौजवान और भविष्य खतरे में है।
  • भाजपा जो संकल्प लेती उसे पूरा करतीः भाजपा का कार्यकर्ता जब कोई संकल्प लेता है तो उसे पूरा करता है। नितिन नवीन ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा ने इसका संकल्प लिया था, जिसे प्रधानमंत्री की अगुवाई में पूरा किया गया। उन्होंने आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई का भी जिक्र किया।
  • सीमाओं पर जवान, घर में समाज की जिम्मेदारीः नितिन नवीन ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा हमारे जवान कर रहे हैं, लेकिन घर के भीतर युवाओं को नशे से बचाने की जिम्मेदारी समाज और पंजाब के लोगों को उठानी होगी। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को घर-घर तक ले जाना जरूरी है।
  • भाजपा कार्यकर्ता बंदूक-तोप ने नहीं डरतेः भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें पता चला कि कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे भाजपा नेता पर हमला किया गया है। जिन लोगों ने यह प्रयास किया है, वे यह न समझें कि भाजपा कार्यकर्ता कमजोर हैं। उन्होंने कहा कि बंदूक और तोप भी चला दी जाए तो भाजपा कार्यकर्ता शहादत देने के लिए तैयार हैं और पंजाब को नशे से मुक्त करवाने का संकल्प पूरा करेंगे।
नशामुक्त पंजाब का पोस्टर जारी करते भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन।

नशामुक्त पंजाब का पोस्टर जारी करते भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन।

यात्रा के पहुंचने से पहले ही पहुंचे आप कार्यकर्ता भाजपा की नशामुक्त यात्रा शहर के बीच से गुजरनी है। ऐसे में आप ने ढांगू रोड पर रोष जताने के लिए ज्यादा से ज्यादा वर्करों को पहुंचने की अपील की। यात्रा के ढांगू रोड पहुंचने से पहले ही एशिया पैलेस के बाहर 200 से अधिक लोगों का जमावड़ा हो गया। टकराव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया।

पठानकोट के ढांगू रोड पर काले झंडे लेकर पहुंचे AAP वर्कर।

पठानकोट के ढांगू रोड पर काले झंडे लेकर पहुंचे AAP वर्कर।

BJP की चारों यात्राओं का रूट जानिए..

  • पहली: यात्रा पठानकोट से शुरू होकर यात्रा जालंधर में खत्म होगी। इसके रास्ते में तरनतारन, खडूर साहिब, खेमकरण, पट्टी, फिरोजपुर शहर, गुरु हरसहाय, फिरोजपुर ग्रामीण, जीरा, सुल्तानपुर लोधी, भोलाथ, कपूरथला, नकोदर, शाहकोट और जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है। ये यात्रा 38 विधानसभा हलकों से होकर गुजरेगी।
  • दूसरी यात्रा: श्री फतेहगढ़ साहिब से शुरू होगी और जालंधर में ही समाप्त होगी। ये यात्रा 24 विधानसभा हलकों को कवर करेगी।
  • तीसरी यात्रा: 20 सितंबर को सादिक बॉर्डर पर फाजिल्का से शुरू होगी और जालंधर में समाप्त होगी। यह फाजिल्का, बल्लुआना, अबोहर, जलालाबाद, श्री मुक्तसर साहिब, मलोट सहित अन्य विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए गुजरेगी।
  • चौथी यात्रा: 21 सितंबर को तलवंडी साबो से शुरू होकर जालंधर में समाप्त होगी। इन चारों यात्राओं का महा-समापन 30 सितंबर को जालंधर में आयोजित किया जाएगा।
By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *