बरनाला में बंद मकान में तोड़फोड़ कर लूट, विवाह के गहने और 30 हजार रुपए ले गए

बरनाला जिले के तपा स्थित ढिलवां मार्ग पर गुरु गोबिंद सिंह नगर में हथियारबंद हमलावरों द्वारा एक बंद मकान को निशाना बनाकर तोड़फोड़ करने और कीमती सामान लूटने का मामला सामने आया है। वारदात के समय पीड़ित परिवार अपनी रिश्तेदारी में होने वाली शादी की खरीदारी के लिए बाजार गया हुआ था। तपा पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 4 नामजद समेत कुल 11 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित विक्की राम पुत्र गोपाल दास (निवासी गुरु गोबिंद सिंह नगर, तपा) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ अपनी साली की शादी की खरीदारी के लिए तपा बाजार गए हुए थे। जब वे कुछ घंटों बाद वापस लौटे, तो घर के मुख्य गेट की कुंडी टूटी मिली। घर के अंदर जाने पर कमरों में रखे बक्से और अलमारियां खुली पड़ी थीं तथा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा हुआ था। पीड़ित के अनुसार, ट्रंक में रखे करीब 1.5 तोले सोने के कांटे, चांदी की पाजेब, चुटकियां और 30 हजार रुपये नकद गायब थे।

हथियारों से लैस होकर घुसे थे हमलावर

शिकायत में पीड़ित ने बताया कि हमले को अंजाम देने वाले आरोपी लोहे की दातर और डंडों जैसे घातक हथियारों से लैस थे। आरोपी दीवार फांदकर घर में घुसे और लूटपाट मचाई। पीड़ित के बयानों के आधार पर तपा पुलिस ने भाना सिंह पुत्र पप्पी सिंह (निवासी गुरु नानक बस्ती), हरप्रीत सिंह उर्फ काली पुत्र महिंदर सिंह मानक सिंह पुत्र भोला सिंह निरंजन सिंह उर्फ मंगा पुत्र भोला सिंह को नाम जद करते हुए 5 से 7 अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

मामले की जांच कर रही पुलिस टीम का कहना है कि नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *