मोरनी में गहरी खाई में गिरी अर्टिगा, एक की मौत; 4 गंभीर घायल

पंचकूला जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मोरनी में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मोरनी के मांदना गांव के पास दोस्तों से भरी एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में 5 दोस्त सवार थे, जो चंडीगढ़ से मोरनी घूमने आए थे।

खाई में गिरने से कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में चंडीगढ़ के बहलाना गांव निवासी विशाल (19) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके चार अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों में सुबजीत पुत्र छेबीलाल, राहुल पुत्र सुदामा शर्मा, शैंकी पुत्र परशुराम, कुवार सिंह पुत्र बलकार सिंह शामिल हैं।

हादसे की जांच के लिए पहुंची पुलिस।

हादसे की जांच के लिए पहुंची पुलिस।

मोरनी घूमने गए थे दोस्त, मोड़ पर बिगड़ा नियंत्रण

चंडीगढ़ के गांव बहलाना (एयरपोर्ट के पास) के रहने वाले 5 दोस्त अर्टिगा कार में सवार होकर मोरनी घूमने के लिए निकले थे। देर रात वापसी या रास्ते के दौरान मांदना गांव के पास मोड़ पर अचानक कार चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। कार के खाई में गिरते ही जोरदार धमाका और चीख-पुकार हुई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर भागे और पुलिस को सूचना दी।

SHO बोले- शव को मॉर्च्युरी पर रखवाया

चंडीमंदिर थाना पुलिस के SHO रामपाल ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मृतक विशाल (पुत्र बिन्द्र) के शव को कब्जे में लेकर पंचकूला के नागरिक अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है और मामले की आगामी जांच की जा रही है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *