‘पानी आली पानी प्यादे’ फेम सिंगर कर्मवीर फौजी के 2 गन लाइसेंस पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। उनका एक वीडियो सामने आया था। जिसमें कर्मवीर और उनकी बेटी रिवॉल्वर टांगे हुए नजर आ रहे हैं। कर्मवीर फौजी के पास खड़ा एक युवक भी गन लिए दिखाई दे रहा है।
कर्मवीर फौजी बेटी शीतल के साथ कैथल की NIILM यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। कर्मवीर फौजी की पत्नी सोनिया रानी कैथल जिला परिषद की वाइस चेयरपर्सन हैं।
बेटी के रिवॉल्वर टांगने को लेकर कर्मवीर फौजी से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा, “लाइसेंस मेरा है। बेटी मेरे साथ है। मेरी बेटी है तो उसने अपनी जेब में डाल लिया। वह मेरे पास ही खड़ी है। मैं वाइस चेयरमैन हूं। गाने भी गाता हूं। मैं अपनी बंदूक लेकर घूम रहा हूं।”
यह मामला सोमवार का है। मंगलवार को इसका वीडियो सामने आया। सिटी थाना इंस्पेक्टर सतपाल सिंह ने कहा कि पुलिस ने हथियार जब्त कर लिए हैं। लाइसेंस कैंसिल करवाने के लिए डीसी को लेटर लिखा जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान रिवॉल्वर टांगे हुए कर्मवीर फौजी की बेटी शीतल जागलान।
सेना में रहे कर्मवीर, दो गानों से पहचान मिली
कर्मवीर फौजी कैथल के पट्टी अफगान गांव के रहने वाले हैं। वह पहले बॉक्सिंग खिलाड़ी रहे। इसके बाद उन्होंने भारतीय सेना जॉइन की। सेना में रहने के बाद उन्होंने हरियाणवी संगीत की ओर रुख किया और हरियाणवी गाने गाने लगे। ‘पानी आली पानी प्यादे’ और ‘पतला दुपट्टा तेरा मुंह दिखे’ जैसे गानों से उन्हें पहचान मिली। कर्मवीर फौजी के चार बच्चे हैं। उनकी तीन बेटियां—शीतल, शिवानी और सिमरन हैं। एक बेटा है, जो चारों बच्चों में सबसे छोटा है।
बेटी के बादशाह संग आए टटीरी सॉन्ग पर हुआ था विवाद
कर्मवीर फौजी की बेटी सिमरन जागलान ने मार्च 2026 में ‘टटीरी’ सॉन्ग से बतौर सिंगर डेब्यू किया था। इसमें बादशाह ने रैप किया था। गाना रिलीज होने के बाद इसके नाम, विवादित बोल और स्कूल बैग फेंकने वाले सीन को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद वीडियो यूट्यूब से हटा दिया गया। मामले में बादशाह के खिलाफ पंचकूला और जींद में केस भी दर्ज हुए। बाद में विवादित सीन और बोल हटाकर गाने को नए सिरे से रिलीज किया गया।
हरियाणा में गन कल्चर वाले गाने बैन हो चुके
2025 में हरियाणा पुलिस ने गन, गैंग और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गानों पर कार्रवाई शुरू की। शुरुआत में 67 गाने चिन्हित किए गए। इनमें 29 सिंगरों के गाने शामिल थे। इन गानों को यूट्यूब समेत म्यूजिक प्लेटफॉर्म से हटाने/ब्लॉक कराने की कार्रवाई की गई। लिस्ट में मासूम शर्मा, अमन राज गिल, आशु ट्विंकल, मनीषा शर्मा, नरेंद्र भगाना और अमित सैनी रोहतकिया समेत 29 सिंगर शामिल थे। पुलिस का कहना था कि ऐसे गानों से युवाओं में गन और गैंग कल्चर को बढ़ावा मिल सकता है।
