एबॉट्सफ़ोर्ड (राजीव शर्मा): मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता एमी विर्क कनाडा के एबॉट्सफ़ोर्ड में एक लाइव परफॉर्मेंस के बाद हुए जानलेवा हमले में सकुशल बच निकले हैं। शनिवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने उस लग्जरी कार को निशाना बनाकर गोलियां बरसाईं, जिसमें विर्क अपने साथियों के साथ सवार थे।
यह वारदात रात करीब 11 बजे मैक्कलम रोड और साउथ फ्रेज़र वे के चौराहे के पास घटी। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद विर्क जैसे ही रोल्स-रॉयस कलिनन से रवाना हुए, घात लगाए बैठे हमलावरों ने वाहन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। आयोजकों ने पुष्टि की है कि हमले के समय गायक खुद गाड़ी में मौजूद थे।
कार पर दागी गईं कई गोलियां, सुरक्षा कवच ने बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के अनुसार, हमलावरों ने करीब 7 से 10 राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से 7 गोलियां सीधे गाड़ी पर लगीं, जिससे कार का पिछला शीशा और बॉडी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि भारी फायरिंग के बावजूद बुलेट कार के केबिन को भेद नहीं सकीं और अंदर बैठे चारों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
वारदात के बाद जली हुई मिली संदिग्ध एसयूवी
हमले के तुरंत बाद पुलिस को घटनास्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर सनीसाइड प्लेस के पास एक लावारिस एसयूवी धू-धू कर जलती हुई मिली। आशंका जताई जा रही है कि शूटर वारदात को अंजाम देकर सबूत मिटाने के इरादे से वाहन में आग लगाकर फरार हो गए। स्थानीय पुलिस दोनों घटनाओं की कड़ियों को जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है।
मामले में एक अहम एंगल यह भी सामने आया है कि गाड़ी में सरे (Surrey) का एक ऐसा शख्स भी मौजूद था, जिस पर अतीत में कई बार जानलेवा हमले हो चुके हैं। खुफिया एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि निशाने पर विर्क थे या कार में बैठा कोई दूसरा व्यक्ति।
विदेशी दौरों पर कलाकारों की सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
कनाडा में पंजाबी संगीत जगत से जुड़े कलाकारों पर पहले भी हमले और धमकियों के मामले सामने आते रहे हैं। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद उभरी चिंताओं के बीच इस ताजा घटना ने मनोरंजन जगत, प्रशंसकों और परिवारों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। फिलहाल कनाडाई पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की तलाश में जुटी है।
