कॉर्नरस्टोन में गोलीबारी की दो घटनाओं की जांच में जुटी कैलगरी पुलिस

कॉर्नरस्टोन में गोलीबारी की दो घटनाओं की जांच में जुटी कैलगरी पुलिस

कैलगरी (राजीव शर्मा): कैलगरी पुलिस सर्विस नॉर्थईस्ट कैलगरी के कॉर्नरस्टोन इलाके में गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं की जांच कर रही है, जिसमें रविवार तड़के हुई एक जानलेवा गोलीबारी और शनिवार रात हुई एक अन्य गोलीबारी शामिल है, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया था।

पहली घटना शनिवार रात 9 बजे के कुछ ही देर बाद कॉर्नरस्टोन रोड एन.ई. के 100 ब्लॉक में हुई। पुलिस ने बताया कि एक वाहन के अंदर बैठे व्यक्ति को दूसरे वाहन में सवार व्यक्ति ने गोली मार दी। पीड़ित को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी हालत स्थिर बताई गई। पुलिस ने कहा कि वाहनों में से एक में सवार तीन लोग मौके से फरार हो गए। सड़क पर मिली एक लाल स्पोर्ट्स कार पर गोली का कम से कम एक निशान साफ दिखाई दे रहा था। जांचकर्ताओं का मानना है कि यह सुनियोजित (टारगेटेड) हमला था।

दूसरी जानलेवा गोलीबारी की घटना रविवार तड़के 1 बजे से ठीक पहले कॉर्नरस्टोन बुलेवार्ड एन.ई. के 1100 ब्लॉक में दर्ज की गई। गोलियां चलने की सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को मौके पर एक व्यक्ति मृत मिला।

कैलगरी पुलिस सर्विस की होमिसाइड यूनिट (हत्या जांच इकाई) ने इस जानलेवा गोलीबारी की जांच अपने हाथ में ले ली है। पुलिस का मानना है कि यह भी एक सुनियोजित हमला था, हालांकि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

जांचकर्ता साक्ष्य जुटाने में लगे हैं और उन्होंने इस क्षेत्र से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, निगरानी कैमरे (सीसीटीवी) के फुटेज या डैशकैम वीडियो रखने वाले लोगों से आगे आकर जानकारी साझा करने की अपील की है।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *