जींद से दिल्ली तक ‘किसान बचाओ पदयात्रा’, डल्लेवाल की अगुवाई में 228 KM मार्च; खनौरी बॉर्डर सील

जींद: किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की अगुवाई में संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) ने रविवार से ‘किसान बचाओ पदयात्रा’ शुरू की। यह पदयात्रा जींद के दातासिंहवाला से दिल्ली के जंतर-मंतर तक निकाली जा रही है। किसान करीब 228 किलोमीटर का सफर पैदल तय करेंगे और 29 अगस्त को दिल्ली पहुंचकर किसान पंचायत करेंगे। 

पदयात्रा के लिए करीब 51 किसान पूरी दूरी पैदल तय करेंगे, जबकि लगभग 200 किसान और वालंटियर्स सहयोग के लिए साथ रहेंगे। किसान संगठनों का कहना है कि यात्रा शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से निकाली जाएगी तथा सड़क का रास्ता बाधित नहीं किया जाएगा। 

किसानों की प्रमुख मांगों में भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील से कृषि, डेयरी, पोल्ट्री और मछली क्षेत्र को बाहर रखना, सभी फसलों की MSP पर कानूनी खरीद की गारंटी, किसानों की कर्जमाफी, गन्ने का FRP बढ़ाना और किसान आंदोलनों से जुड़े मामलों को वापस लेना शामिल है। 

खनौरी बॉर्डर पर भारी सुरक्षा

किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए हरियाणा प्रशासन ने खनौरी-दातासिंहवाला बॉर्डर सील कर दिया है। यहां करीब 5 लेयर की बैरिकेडिंग, कंटेनर और अन्य अवरोध लगाए गए हैं। भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन ने किसानों को हरियाणा से दिल्ली की ओर आगे बढ़ने की अनुमति नहीं देने की बात कही है। 

प्रशासन की ओर से धारा 163 लागू किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। वहीं, किसान नेताओं ने कहा है कि वे टकराव नहीं चाहते और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने के लिए दिल्ली जाना चाहते हैं। 

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *