नई दिल्ली(राजीव शर्मा):राज्यसभा के सभापति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने आज सदन में देश के विभिन्न हिस्सों में, प्राकृतिक आपदाओं से जीवन और संपत्ति को पहुंची क्षति के प्रति सदन की ओर से संवेदना और सहानुभूति प्रकट की। उनका संदर्भ पाठ नीचे प्रस्तुत है :
‘‘माननीय सदस्यों, जैसा कि आपको ज्ञात होगा, देश में जून और जुलाई 2026 के दौरान विशेष रूप से असम, अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर, केरल, मिजोरम, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और बाढ़, वज्रपात और भूस्खलन जैसी संबंधित आपदाओं में कई लोगों की जान चली गई और अनेक लोग इससे बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
इससे संपत्ति, फसलों और सार्वजनिक ढांचागत सुविधाओं को भी बड़े पैमाने पर क्षति पहुंची है। इनसे क्षेत्रों की वनस्पति और जीव-जंतु भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। संबंधित सरकारें, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल टीमों के कुशल सहयोग से, बचाव और राहत कार्यों में लगी हैं।
बहुमूल्य जीवन की क्षति और लोगों का घायल होना निश्चित ही दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।
यह सदन मेरे साथ शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता है तथा घायलों और प्रभावित लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने और उनके पुनर्वास की प्रार्थना करता है।
मैं सदस्यों से अनुरोध करता हूं कि वे अपने स्थानों पर खड़े होकर इन प्राकृतिक आपदाओं में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में सम्मान के तौर पर मौन धारण करें।’’
