नई दिल्ली(राजीव शर्मा):केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 30 जून को हरियाणा के बावल, रेवाड़ी में आयोजित “खेत बचाओ अभियान” के मुख्य समापन समारोह में शामिल होंगे, जहां वे सीधे किसानों, वैज्ञानिकों और कृषि विशेषज्ञों से संवाद करेंगे।
“खेत बचाओ अभियान” के समापन अवसर पर यह मुख्य कार्यक्रम 30 जून को सुबह बावल, रेवाड़ी में आयोजित किया जा रहा है। 30 जून को सुबह केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान बावल पहुंचेंगे और वहां सबसे पहले कृषि से जुड़ी प्रदर्शनी और स्टॉलों का दौरा करेंगे, जिसमें आधुनिक खेती, मृदा स्वास्थ्य, फसल सुरक्षा, पशुपालन और ग्रामीण आजीविका से जुड़े मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे।
स्टॉल विजिट के बाद केंद्रीय मंत्री श्री चौहान “खेत बचाओ अभियान” के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे, जहां कार्यक्रम के दौरान अभियान के अनुभव, सफल पहलें और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। मंच से किसानों की समस्याओं, खेतों की सुरक्षा, फसल नुकसान में कमी, जैविक एवं वैज्ञानिक तरीके अपनाने और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं पर केंद्रीय कृषि मंत्री द्वारा संवाद किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लाभ सीधे किसानों तक पहुंच सके।
समारोह में हरियाणा के कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा सहित विभिन्न कृषि संस्थानों के वैज्ञानिक, अधिकारी और विशेषज्ञ वक्ता के रूप में शामिल रहेंगे, जो “खेत बचाओ अभियान” के दौरान किए गए प्रयासों और मॉडल गतिविधियों की जानकारी देंगे। कार्यक्रम में मृदा परीक्षण, फसल विविधीकरण, उन्नत बीज, सिंचाई प्रबंधन, पशुधन सुरक्षा और किसानों के लिए उपलब्ध केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं पर प्रेज़ेंटेशन और चर्चा की जाएगी। साथ ही, स्थानीय किसानों द्वारा अपने अनुभव साझा किए जाएंगे ताकि क्षेत्र में अपनाए गए अच्छे प्रयोगों को दूसरे जिलों में भी बढ़ाया जा सके।
