सरे (राजीव शर्मा): कनाडा पुलिस ने ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुई गोलीबारी के सिलसिले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है और दो अलग-अलग घटनाओं से जुड़े मामलों में उन पर आग्नेयास्त्र (हथियार) संबंधी आरोप तय किए हैं।
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय प्रदीप सिंह और 22 वर्षीय सवीर खान के रूप में की है। उन्हें 1 नवंबर को हिरासत में लिया गया था, और उनकी गिरफ्तारी की घोषणा शुक्रवार को जारी एक बयान में की गई।
इनमें से एक मामला 120 स्ट्रीट के 8400-ब्लॉक स्थित शर्मा के रेस्तरां में 16 अक्टूबर 2025 को हुई गोलीबारी से जुड़ा है। पुलिस को उस परिसर में गोलीबारी की सूचना मिली थी, जो उस समय बंद था। घटना के समय कैफे के भीतर दो कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन वे बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई।
दूसरा मामला 12 अक्टूबर 2025 को सरे के एक आवासीय परिसर में हुई गोलीबारी से संबंधित है, जिसमें एक महिला घायल हो गई थी। जांचकर्ताओं ने बाद में दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंध पाए, जिसके बाद ‘बीसी एक्सटॉर्शन टास्क फोर्स’ ने दोनों मामलों की जांच अपने हाथ में ले ली।
आरसीएमपी (RCMP) के अनुसार, दोनों आरोपियों पर लापरवाही से गोली चलाने (रेकलेस डिस्चार्ज ऑफ अ फायरआर्म) के दो-दो आरोप लगाए गए हैं—एक आवासीय गोलीबारी से संबंधित और दूसरा कैफे पर हुए हमले से संबंधित।
पुलिस ने बताया कि ये आरोप न्यायिक स्वीकृतियों, तलाशी वारंटों और पिछले एक साल में जुटाए गए सबूतों की गहन जांच के बाद तय किए गए हैं।
लोअर मेनलैंड डिस्ट्रिक्ट ऑपरेशंस ऑफिसर और असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट कमांडर, चीफ सुपरिंटेंडेंट डंकन पाउंड ने कहा कि ये गिरफ्तारियां जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) से जुड़ी हिंसा से निपटने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों के समन्वित प्रयासों को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अक्टूबर 2025 में हुआ यह हमला उस वर्ष जुलाई में खुले शर्मा के सरे कैफे पर गोलीबारी की तीसरी दर्ज घटना थी।
