गुवाहाटी (राजीव शर्मा): असम के कामरूप (मेट्रो) जिले में बुधवार सुबह एक रेल दुर्घटना की खबर सामने आई, जहां दिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। रेलवे अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा के अनुसार, यह हादसा सुबह लगभग 6:54 बजे हुआ। फोन पर एएनआई (ANI) से बात करते हुए शर्मा ने बताया कि स्थिति का जायजा लेने और राहत कार्यों की निगरानी के लिए वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों को मौके पर भेज दिया गया है।
रेलवे प्रवक्ता ने पुष्टि की कि शुरुआती अपडेट के समय तक किसी की मौत या घायल होने की कोई खबर नहीं थी। हालांकि, प्रभावित यात्रियों की संख्या और किन परिस्थितियों में डिब्बे पटरी से उतरे, इन कारणों सहित घटना से जुड़े अन्य विवरण अभी उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।
इस घटना के बाद रेलवे अधिकारी दिगारू स्टेशन पहुंच चुके हैं, जबकि प्रशासन की ओर से अतिरिक्त जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है। बहाली (रेस्टोरेशन) कार्य और रेल परिचालन पर पड़ने वाले असर से संबंधित अपडेट भी जल्द मिलने की उम्मीद है।
